Breaking News

कोरिया@टीएमसी पांडोपारा/झिलमिली साइड के स्टोर में 50 लाख की चोरी का खुलासा,चार आरोपी गिरफ्तार

Share


कोरिया पुलिस की बड़ी कार्रवाईः करीब 40 लाख रुपये के चोरी गए धातु के पार्ट्स बरामद,तीन कट्टे, टॉर्च,मोबाइल और नकदी भी जब्त; अन्य आरोपियों की तलाश जारी
-संवाददाता-
कोरिया] 29 अगस्त 2026 (घटती-घटना)।
थाना पटना क्षेत्र अंतर्गत टीएमसी पांडोपारा/झिलमिली साइड के स्टोर में हुई करीब 50 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है,पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से चोरी किए गए सामान में से करीब 40 लाख रुपये कीमत के तांबा,पीतल और कांसा धातु से निर्मित मशीनरी पार्ट्स बरामद किए गए हैं। मामले में पुलिस ने हथियार भी जब्त किए हैं, वहीं चोरी में शामिल अन्य आरोपियों की पतासाजी और शेष चोरी गए माल की बरामदगी के लिए विवेचना जारी है। पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार घटना 22 अगस्त 2026 की रात करीब 1ः34 बजे थाना पटना क्षेत्र अंतर्गत पांडोपारा स्थित टीएमसी कंपनी के झिलमिली साइड स्टोर में हुई थी,स्टोर में कोयला खनन कार्य में उपयोग होने वाली मशीनों के विभिन्न पार्ट्स रखे हुए थे,चोरों ने स्टोर को निशाना बनाते हुए बड़ी मात्रा में तांबा, पीतल एवं कांसा धातु से निर्मित मशीनरी पार्ट्स पार कर दिए थे, चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई थी।
24 अगस्त को दर्ज हुई थी शिकायत
घटना के संबंध में परियोजना में प्रोजेक्ट मैनेजर के पद पर कार्यरत श्यामल मैती,पिता अभिमन्यु मैती,उम्र 38 वर्ष, निवासी एमपी नगर बैकुंठपुर ने 24 अगस्त 2026 को थाना पटना में शिकायत दर्ज कराई थी, शिकायत के आधार पर थाना पटना में अपराध क्रमांक 228/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं सहित आर्म्स एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह के निर्देशन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी आशा सेन और राजेश साहू के मार्गदर्शन में थाना पटना एवं साइबर सेल की टीम को आरोपियों की पतासाजी और चोरी गए माल की बरामदगी के लिए लगाया गया।
पूछताछ में सामने आया 9-10 लोगों का गिरोह
पुलिस के मुताबिक मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उन्हें पकड़कर पूछताछ की गई,पूछताछ के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी मिली कि आरोपियों ने 21-22 अगस्त की दरम्यानी रात टीएमसी स्टोर की छत का सीट काटकर अंदर प्रवेश किया और मशीनों के महंगे धातु पार्ट्स चोरी किए, पुलिस के अनुसार आरोपियों ने चोरी के बाद सामान को तत्काल बेचने के बजाय पहले उसे बड़सरा जंगल में छिपाकर रखा,इसके बाद चोरी किए गए सामान को अलग-अलग स्थानों पर बेचने की योजना बनाई गई,जांच में यह भी सामने आया कि चोरी के माल का एक हिस्सा अब्बुल वासिम उर्फ गोलू मियां के पास ले जाकर बेचा गया,पुलिस के अनुसार वह कबाड़ी का काम करता है,वहीं चोरी किए गए कुछ सामान को आरोपियों द्वारा अपने घर में रखा गया था और कुछ हिस्सा अन्य कबाड़ी को बेच दिए जाने की जानकारी भी पूछताछ में सामने आई।
निशानदेही पर 40 लाख का माल बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने करीब 40 लाख रुपये कीमत के चोरी किए गए तांबा,पीतल और कांसा धातु से निर्मित मशीनरी पार्ट्स बरामद किए हैं,इसके अलावा पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए जाने वाले तीन हथियार,एक टॉर्च,मोबाइल फोन और 1,500 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। बरामदगी के बाद पुलिस अब चोरी गए शेष माल और मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
चार आरोपी गिरफ्तार, पुलिस के अनुसार मामले में गिरफ्तार आरोपियों में…
किशन कुमार, पिता राजेन्द्र, उम्र 24 वर्ष
मंगलराम उर्फ गोलू,पिता स्वर्गीय जनक, उम्र 24 वर्ष
करण, पिता चंद्रसाद बसोर,उम्र 24 वर्ष

अब्दुल वासिम उर्फ गोलू मियां, पिता अब्दुल कमाल,उम्र 30 वर्ष शामिल हैं,पुलिस ने चारों आरोपियों को 27 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किए जाने की जानकारी दी है। वहीं अन्य फरार आरोपियों की पतासाजी की जा रही है।
कबाड़ी तक पहुंचा चोरी का माल
पुलिस की जांच में सामने आए घटनाक्रम के अनुसार चोरी के बाद आरोपियों ने माल को अलग-अलग स्थानों पर छिपाया और बाद में उसे बेचने की कोशिश की,पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कबाड़ी के कब्जे से भी चोरी किए गए धातु के पार्ट्स बरामद किए हैं,इससे पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि चोरी के माल को खरीदने और खपाने में कितने लोग शामिल थे,चोरी के सामान की बिक्री से जुड़े लोगों की भूमिका भी विवेचना के दायरे में है।
पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका
पुलिस के अनुसार आरोपियों की पतासाजी, गिरफ्तारी और चोरी के माल की बरामदगी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह,एसडीओपी आशा सेन,राजेश साहू तथा थाना प्रभारी प्रमोद पाण्डेय के मार्गदर्शन में पुलिस टीम और साइबर सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही,साइबर सेल की टीम प्रभारी निरीक्षक अमोल खलखो सहित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने तकनीकी जानकारी और पूछताछ के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में सहयोग किया।
शेष माल और अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने बताया कि चोरी किए गए आधे से अधिक माल की बरामदगी की जा चुकी है, जबकि चोरी गए शेष सामान और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है, पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में मशीनरी पार्ट्स की चोरी की योजना किसने बनाई और चोरी के बाद माल को खपाने में कौन-कौन लोग शामिल रहे, 50 लाख रुपये की चोरी में करीब 40 लाख रुपये का माल बरामद होना पुलिस की कार्रवाई की बड़ी सफलता मानी जा रही है, हालांकि मामले की पूरी तस्वीर तब सामने आएगी, जब फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, शेष माल की बरामदगी और चोरी के पूरे नेटवर्क से जुड़े लोगों की भूमिका स्पष्ट होगी।


Share

Check Also

खड़गवां @खड़गवां में प्रधानमंत्री आवास योजना पर सवाल….पक्के मकान वालों को भी लाभ देने का आरोप,पुराने घर की छत पर आवास निर्माण की शिकायत,जांच की मांग

Share -राजेन्द्र शर्मा-खड़गवां,30 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराने …

Leave a Reply