Breaking News

अम्बिकापुर@ रक्षाबंधन पर बहनों ने अपचारी बच्चों के साथ बांटी खुशियां

Share


सेवा किटी की सदस्यों ने सम्प्रेक्षण गृह व प्लेस ऑफ सेफ्टी पहुंचकर बांधा रक्षासूत्र,बच्चों ने सुनाए गीत-कविताएं…
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,29 अगस्त 202६ (घटती-घटना)।
रक्षाबंधन के पावन अवसर पर सेवा किटी समूह की सदस्यों ने इस वर्ष भी सम्प्रेक्षण गृह एवं प्लेस ऑफ सेफ्टी में रह रहे अपचारी बच्चों के साथ समय बिताकर उन्हें अपनत्व और स्नेह का अहसास कराया।
सदस्यों ने बच्चों को रक्षासूत्र बांधकर मिठाई एवं फल वितरित किए। सेवा किटी की संयोजिका एवं सेवानिवृत्त अधीक्षक सम्प्रेक्षण गृह द्वारा विगत 10 वर्षों से लगातार रक्षाबंधन के दिन अपचारी बच्चों के बीच पहुंचकर यह पहल की जा रही है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के दिन बच्चों को घर-परिवार की याद अधिक आती है, ऐसे में उनके बीच कुछ समय बिताकर उन्हें परिवार जैसा अपनापन और थोड़ी खुशी देने का प्रयास किया जाता है।
कार्यक्रम में लिली बसु रॉय,अतिशी भट्टाचार्य एवं सुनीता दास ने बच्चों का तिलक कर आरती उतारी और रक्षासूत्र बांधा। इस आत्मीय माहौल में कुछ बच्चे भावुक भी हो गए। बाद में सदस्यों ने बच्चों से बातचीत की तो माहौल सामान्य हुआ और बच्चों ने कविता एवं गीत प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा दिखाई।
पढ़ाई में भी सहयोग का भरोसा : कार्यक्रम के दौरान 11वीं और 12वीं कक्षा में अध्ययनरत बच्चों की पढ़ाई को लेकर भी चर्चा हुई। सुनीता दास ने परीक्षा की तैयारी में बच्चों को अपना समय देने तथा बेहतर परिणाम के लिए मार्गदर्शन करने की सहमति दी। वहीं सेवा किटी की ओर से बच्चों को भविष्य में उच्च शिक्षा एवं कोचिंग के लिए यथासंभव सहयोग उपलब्ध कराने की बात कही गई।
सितंबर में देशभक्ति गीत प्रतियोगिता : सेवा किटी द्वारा सितंबर माह में संस्था में निवासरत बच्चों के लिए देशभक्ति सामूहिक गीत प्रतियोगिता आयोजित करने का निर्णय भी लिया गया है। प्रतियोगिता में विजेता समूह को पुरस्कृत किया जाएगा। इस अवसर पर शगुप्ता परवीन,इलीबा कुजूर सहित सम्प्रेक्षण गृह एवं प्लेस ऑफ सेफ्टी का स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को उनके कठिन समय में स्नेह, सम्मान और सकारात्मक वातावरण प्रदान करना रहा।


Share

Check Also

रायपुर@ नमूना सहायक से FSO पदोन्नति पर दीपक अग्रवाल से सीधा सवाल…प्रावधान है तो Rule 2.1.3 की पूरी पात्रता और प्रशिक्षण का परीक्षण दिखाइए?

Share दीपक अग्रवाल से सवाल….यदि नियम है तो दिखाइए और नमूना सहायक से FSO पदोन्नति …

Leave a Reply