पार्टी विरोधी गतिविधियों और कार्यकर्ताओं को परेशान करने के आरोपों पर कार्रवाई, प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री ने जारी किया निष्कासन आदेश
एमसीबी 27 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। एमसीबी जिले की राजनीति में भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी संगठनात्मक कार्रवाई करते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता दुर्गाशंकर मिश्रा को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से छह वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया है, उन पर लगातार पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त रहने, भाजपा कार्यकर्ताओं को परेशान करने तथा पार्टी की बैठकों एवं कार्यक्रमों को प्रभावित करने के आरोपों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है, भाजपा छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री नवीन मार्कंडेय ने 25 अगस्त को निष्कासन आदेश जारी किया। आदेश के मुताबिक यह कार्रवाई तत्काल प्रभाव से लागू होगी।
विधायक रेणुका सिंह के करीबी माने जाते हैं दुर्गाशंकर मिश्रा- दुर्गाशंकर मिश्रा को भरतपुर-सोनहत विधानसभा क्षेत्र की विधायक रेणुका सिंह के करीबी नेताओं में माना जाता है, वे वर्तमान में भरतपुर ब्लॉक में विधायक प्रतिनिधि के रूप में कार्यरत थे, इससे पहले वे जनपद उपाध्यक्ष तथा भाजपा जिला उपाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों पर भी रह चुके हैं, एमसीबी जिले में लंबे समय से सक्रिय रहने के कारण दुर्गाशंकर मिश्रा को पार्टी के प्रभावशाली स्थानीय नेताओं में गिना जाता रहा है, ऐसे में उनके खिलाफ हुई छह वर्ष के निष्कासन की कार्रवाई को जिले के राजनीतिक एवं संगठनात्मक गलियारों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कार्यकर्ताओं ने की थी शिकायत- जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से दुर्गाशंकर मिश्रा के खिलाफ पार्टी की बैठकों और संगठनात्मक कार्यक्रमों को प्रभावित करने तथा कार्यकर्ताओं को परेशान करने संबंधी शिकायतें की गई थीं, इन शिकायतों को विधायक स्तर के साथ-साथ प्रदेश संगठन तक भी पहुंचाया गया था, शिकायतों में यह आरोप लगाया गया था कि उनके लगातार हस्तक्षेप और कथित पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण क्षेत्र में संगठनात्मक स्तर पर असहज स्थिति बन रही थी, इससे भाजपा के भीतर गुटबाजी की स्थिति उभरने और कार्यकर्ताओं में असंतोष बढ़ने की बात भी सामने आई थी।
पहले जारी किया गया था कारण बताओ नोटिस- प्रदेश संगठन ने शिकायतों और लगातार सामने आ रही गतिविधियों को गंभीरता से लेते हुए दुर्गाशंकर मिश्रा को 20 जुलाई को कारण बताओ नोटिस जारी किया था, उनसे पार्टी विरोधी गतिविधियों और संगठनात्मक बैठकों एवं कार्यक्रमों को प्रभावित करने के संबंध में जवाब मांगा गया था, बताया गया है कि दुर्गाशंकर मिश्रा की ओर से नोटिस का जवाब प्रस्तुत किया गया, लेकिन प्रदेश संगठन उनके जवाब से संतुष्ट नहीं हुआ, इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव के निर्देश पर उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई का निर्णय लिया गया।
प्रदेश महामंत्री के आदेश में क्या कहा गया- प्रदेश महामंत्री नवीन मार्कंडेय द्वारा जारी निष्कासन आदेश में कहा गया है कि दुर्गाशंकर मिश्रा द्वारा लगातार भाजपा कार्यकर्ताओं को परेशान करने तथा बैठकों एवं कार्यक्रमों को प्रभावित करने की शिकायतें सामने आई थीं, पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलग्न रहने के कारण उन्हें पूर्व में नोटिस जारी किया गया था, आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि उनके द्वारा प्रस्तुत जवाब से पार्टी संतुष्ट नहीं है। इसी आधार पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के निर्देशानुसार उन्हें पार्टी की सदस्यता से छह वर्ष के लिए निष्कासित किया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निष्कासन तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
संगठन में कड़ा संदेश- दुर्गाशंकर मिश्रा जैसे वरिष्ठ एवं लंबे समय से संगठन से जुड़े नेता के खिलाफ हुई कार्रवाई को भाजपा के भीतर अनुशासन को लेकर प्रदेश नेतृत्व के कड़े रुख के तौर पर देखा जा रहा है, इस कार्रवाई के जरिए संगठन की ओर से यह संदेश देने की कोशिश मानी जा रही है कि पार्टी विरोधी गतिविधियों अथवा संगठनात्मक अनुशासन के उल्लंघन को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, एमसीबी जिले में भाजपा की आंतरिक राजनीति के लिहाज से भी यह कार्रवाई अहम मानी जा रही है, अब देखना होगा कि दुर्गाशंकर मिश्रा के निष्कासन के बाद भरतपुर ब्लॉक में पार्टी की स्थानीय राजनीति और संगठनात्मक समीकरण किस तरह बदलते हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur