Breaking News

सोनहत/कटगोड़ी@ सनातन गौरव मंच और बाबा मानस परिवार के आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं ने की सहभागिता,शिवगुफा कछार से सिद्धेश्वर मंदिर तक निकली विशाल कांवड़ यात्रा

Share

-राजन पाण्डेय-
सोनहत/कटगोड़ी,25 अगस्त 2026 (घटती-घटना)।
अंतिम सावन सोमवार के पावन अवसर पर कटगोड़ी में भगवान भोलेनाथ की भक्ति और आस्था का विराट स्वरूप देखने को मिला,सनातन गौरव मंच एवं बाबा मानस परिवार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित विशाल कांवड़ यात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। हाथों में कांवड़,भगवा ध्वज और जुबां पर हर-हर महादेव तथा बोल बम के जयघोष के साथ श्रद्धालुओं ने शिवगुफा कछार से सिद्धेश्वर मंदिर कटगोड़ी तक यात्रा की। कांवड़ यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र शिवभक्ति के रंग में रंगा नजर आया, यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण कई स्थानों पर सड़कें पूरी तरह भर गईं,जगह-जगह स्थानीय लोगों ने कांवड़ यात्रियों का स्वागत किया,अंतिम सावन सोमवार होने के कारण इस धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
शिवगुफा कछार से सिद्धेश्वर मंदिर तक निकली विशाल यात्रा
विशाल कांवड़ यात्रा का शुभारंभ शिवगुफा कछार से हुआ,सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु आयोजन स्थल पर पहुंचने लगे थे,कांवड़ लेकर पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की आराधना की और इसके बाद सामूहिक रूप से सिद्धेश्वर मंदिर कटगोड़ी के लिए रवाना हुए, श्रद्धालुओं के हाथों में भगवा ध्वज और कांवड़ दिखाई दे रही थी, पूरे यात्रा मार्ग में हर-हर महादेव,बोल बम और भगवान शिव के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा,युवाओं के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं,बुजुर्ग और बच्चे भी यात्रा में शामिल हुए,आयोजकों द्वारा यात्रा को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न स्तरों पर व्यवस्था की गई थी। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर भी विशेष ध्यान दिया गया।
हजारों श्रद्धालुओं से पटा सड़क मार्ग, घंटों रहा यातायात प्रभावित
कांवड़ यात्रा में उमड़ी भारी भीड़ का असर सड़क यातायात पर भी दिखाई दिया,शिवगुफा कछार से कटगोड़ी तक का पूरा मार्ग श्रद्धालुओं से पट गया,बड़ी संख्या में कांवड़ यात्रियों के एक साथ आगे बढ़ने के कारण कई स्थानों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और जाम जैसी स्थिति निर्मित हुई, हालांकि यातायात प्रभावित होने के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। लोग भक्ति गीतों और भगवान शिव के जयघोष के साथ आगे बढ़ते रहे। यात्रा मार्ग के आसपास मौजूद लोगों ने भी श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ाया,कांवड़ यात्रा के दौरान ऐसा दृश्य दिखाई दे रहा था मानो पूरा कटगोड़ी क्षेत्र भगवान शिव की भक्ति में डूब गया हो।
महिलाओं की बड़ी भागीदारी बनी विशेष आकर्षण-कांवड़ यात्रा में महिलाओं की बड़ी संख्या में सहभागिता विशेष रूप से देखने को मिली,बड़ी संख्या में मातृशक्ति ने कांवड़ यात्रा में शामिल होकर भगवान शिव के प्रति अपनी आस्था और श्रद्धा व्यक्त की,महिलाएं भक्ति गीतों और जयघोष के साथ यात्रा में आगे बढ़ती नजर आईं,आयोजकों ने महिलाओं की इस सहभागिता को आयोजन की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों में मातृशक्ति की भागीदारी समाज की एकजुटता और सनातन परंपराओं के प्रति आस्था को दर्शाती है।
जनप्रतिनिधियों और भाजपा पदाधिकारियों ने भी की सहभागिता-कांवड़ यात्रा में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की भी सहभागिता रही, कार्यक्रम में जिला एवं जनपद पंचायत अध्यक्ष मोहित पैकरा,आशा देवी,जिला पंचायत सदस्य शिवकुमारी सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी ईश्वर राजवाड़े,राजाराम राजवाड़े तथा अन्य जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए,जनप्रतिनिधियों ने श्रद्धालुओं के साथ यात्रा में सहभागिता की और भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए आयोजकों और श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं।
मनोज साहू बोले—सोनहत के स्वाभिमान की रक्षा महादेव करेंगे-कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सनातन गौरव मंच के संयोजक मनोज साहू ने कहा कि भगवान महादेव सोनहत के स्वाभिमान और मान-सम्मान की रक्षा करेंगे,उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सम्मान और स्वाभिमान के लिए समाज को एकजुट होकर अपनी भूमिका निभानी चाहिए,उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति और धार्मिक परंपराएं हमारी पहचान हैं,ऐसे धार्मिक आयोजनों के माध्यम से समाज में आपसी एकता, भाईचारा,सांस्कृतिक चेतना और धार्मिक भावना को मजबूती मिलती है,मनोज साहू ने कांवड़ यात्रा में शामिल मातृशक्ति,युवाओं और श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या के लिए आभार व्यक्त किया तथा आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों का धन्यवाद किया।
नीलेश साहू ने श्रद्धालुओं का जताया आभार– बाबा मानस परिवार के संयोजक नीलेश साहू ने कांवड़ यात्रा में हजारों की संख्या में शामिल हुए श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया,उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की भारी सहभागिता ने आयोजन को ऐतिहासिक और यादगार बना दिया,उन्होंने कहा कि अंतिम सावन सोमवार के अवसर पर आयोजित इस यात्रा में जिस तरह से लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की,वह भगवान शिव के प्रति क्षेत्रवासियों की गहरी आस्था को दर्शाता है।
सहयोगियों के प्रति भी जताया आभार
आयोजकों ने कांवड़ यात्रा को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया,सनातन गौरव मंच के संयोजक मनोज साहू ने कहा कि आयोजन को सफल बनाने में मातृशक्ति,युवा,सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि,श्रद्धालु और विभिन्न स्तरों पर सहयोग करने वाले लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही,उन्होंने कहा कि इतने बड़े आयोजन को सफल बनाने के लिए सामूहिक सहयोग आवश्यक होता है और सभी के सहयोग से ही कांवड़ यात्रा भव्य स्वरूप ले सकी।
कटगोड़ी में दिखा आस्था और एकजुटता का विराट स्वरूप
अंतिम सावन सोमवार के अवसर पर कटगोड़ी में निकली विशाल कांवड़ यात्रा धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकजुटता का भी प्रतीक बनी,हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी,भगवा ध्वजों की कतार,कांवड़ यात्रियों का उत्साह और हर-हर महादेव के गूंजते जयघोष ने पूरे क्षेत्र को शिवमय कर दिया,शिवगुफा कछार से सिद्धेश्वर मंदिर तक निकली इस यात्रा ने यह संदेश दिया कि धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति लोगों की आस्था आज भी मजबूत है,महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और बच्चों की सहभागिता ने आयोजन को और व्यापक बना दिया, अंतिम सावन सोमवार पर आयोजित यह कांवड़ यात्रा श्रद्धालुओं के लिए केवल धार्मिक यात्रा नहीं रही, बल्कि आस्था, सनातन परंपरा, सामाजिक सहभागिता और सामूहिक भक्ति का यादगार अवसर बनकर सामने आई।
शिव तांडव की मनमोहक प्रस्तुति ने बांधा समां
कांवड़ यात्रा के दौरान भगवान शिव की महिमा पर आधारित शिव तांडव की विशेष प्रस्तुति आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही, कलाकारों द्वारा प्रस्तुत शिव तांडव ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया, शिव के स्वरूप, उनकी महिमा और शक्ति को दर्शाती प्रस्तुति के दौरान श्रद्धालु भावविभोर नजर आए,संगीत और धार्मिक प्रस्तुतियों के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। कई श्रद्धालु प्रस्तुति के दौरान झूमते और भगवान शिव के जयकारे लगाते दिखाई दिए।
रंगारंग प्रस्तुतियों ने बढ़ाया आयोजन का आकर्षण
कांवड़ यात्रा के साथ कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भी आयोजन किया गया। भक्ति संगीत,धार्मिक कार्यक्रम और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने आयोजन को और आकर्षक बना दिया,श्रद्धालुओं ने इन प्रस्तुतियों का आनंद लिया,आयोजन में धार्मिक आस्था के साथ-साथ स्थानीय सांस्कृतिक परंपराओं की भी झलक देखने को मिली। कार्यक्रम के दौरान लगातार भगवान शिव के जयकारे गूंजते रहे।


Share

Check Also

सूरजपुर@ टेट के खिलाफ शिक्षकों का शंखनाद,सूरजपुर में गूंजी ‘टेट मुक्ति’ की आवाज

Share शिक्षक संघर्ष मोर्चा ने निकाली रैली, पांच सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्यमंत्री शिक्षा मंत्री …

Leave a Reply