Breaking News

अम्बिकापुर@कोटबहरा जंगल में पेड़ से लटके मिले युवक-युवती के शव

Share


प्रेम प्रसंग से जुड़ा होने की आशंका,बाइक और आधार कार्ड बरामद;पुलिस ने शुरू की जांच

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,25 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। ग्राम पंचायत कल्याणपुर के कोटबहरा जंगल में मंगलवार को एक पेड़ पर गमछे के सहारे युवक-युवती के शव लटके मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों की पहचान 18 वर्षीय रिंकी कुमारी पिता अमरजीत सिंह निवासी तेलसरा,थाना रामानुजनगर और 26 वर्षीय मूलचंद पिता मोहरलाल निवासी खडग़वां, प्रतापपुर के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने मौत के कारणों को लेकर अभी कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला है। बताया गया कि मंगलवार को कुछ ग्रामीण खुखड़ी चुनने के लिए कोटबहरा जंगल गए थे। जंगल के भीतर पहुंचने पर उनकी नजर पेड़ से लटके युवक-युवती के शवों पर पड़ी। सूचना पर लटोरी पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की और मौके से मिले साक्ष्यों को जांच के लिए सुरक्षित किया। शुरुआत में दोनों शवों की पहचान नहीं हो सकी थी। जांच के दौरान युवक की जेब से आधार कार्ड मिलने पर उसकी पहचान मूलचंद के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने परिजनों से संपर्क कर युवती की पहचान रिंकी कुमारी के रूप में की। पुलिस के अनुसार दोनों एक-दूसरे को जानते थे और उनके बीच प्रेम संबंध होने की जानकारी सामने आई है। घटनास्थल के पास एचएफ डीलक्स बाइक क्रमांक सीजी 15 डीजी 3422 भी मिली है, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। आशंका है कि दोनों इसी बाइक से जंगल पहुंचे होंगे। परिजनों के अनुसार दोनों सोमवार को अपने-अपने घर से बिना बताए निकले थे। पुलिस दोनों के मोबाइल फोन, परिजनों और परिचितों से पूछताछ के साथ अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल लटोरी पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए।


Share

Check Also

सूरजपुर/कुदरगढ़@रोपवे बना ‘सपनों का सफर’! घोषणा,अनुबंध और भूमिपूजन के बाद भी श्रद्धालुओं का इंतजार

Share पहले बिना ट्रस्ट पर आर्थिक बोझ के रोपवे लगाने का प्रस्ताव,फिर बदला मॉडल करोड़ों …

Leave a Reply