Breaking News

उदयपुर@ भगवा वेश में निकले सैकड़ों नन्हे कांवडि़ए, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा उदयपुर

Share

-संवाददाता-
उदयपुर,25 अगस्त 2026 (घटती-घटना)।
सावन के अंतिम सोमवार को उदयपुर में आस्था और संस्कार का अनूठा नजारा देखने को मिला। स्कायरिच एजुकेशन हायर सेकेंडरी स्कूल के सैकड़ों नन्हे विद्यार्थी भगवा वेश में कांवड़ लेकर निकले। केजी-1 से पांचवीं कक्षा तक के बच्चों ने पहली बार आयोजित बाल कांवड़ यात्रा में उत्साह के साथ भाग लिया। हाथों में कांवड़ और जुबां पर हर-हर महादेव, बोल बम के जयघोष के बीच बच्चों ने उददेश्वर शिवमंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। विद्यालय परिसर में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ यात्रा का शुभारंभ हुआ। इसके बाद बच्चे अपने माता-पिता,अभिभावकों और शिक्षकों के साथ कांवड़ लेकर मंदिर के लिए रवाना हुए। छोटी उम्र के बच्चों में कांवड़ यात्रा को लेकर खासा उत्साह रहा। नन्हे कांवडिय़ों के स्वागत के लिए नगरवासियों ने जगह-जगह व्यवस्था की। व्यवसायियों और सामाजिक संगठनों ने बच्चों को फल, बिस्किट, पानी और अन्य सामग्री वितरित की। मनीष बंसल ट्रैक्टर्स और शारदा महिला मंडल की ओर से भी बच्चों का स्वागत कर फल वितरित किए गए। नगरवासियों ने कई स्थानों पर पुष्पवर्षा कर बच्चों का उत्साह बढ़ाया। भगवा वस्त्रों में कांवड़ लेकर चल रहे बच्चों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग सडक किनारे जुटे रहे। पहली बार आयोजित इस बाल कांवड़ यात्रा ने पूरे नगर का ध्यान आकर्षित किया। उददेश्वर शिवमंदिर पहुंचने के बाद सभी बाल कांवडिय़ों ने विधि-विधान से भगवान शिव को जल अर्पित किया। बच्चों ने परिवार, विद्यालय और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार आयोजन का उद्देश्य बच्चों को भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपरा, अनुशासन और सामाजिक सहभागिता से जोडऩा है।
विद्यालय के प्राचार्य रामप्रसाद गुप्ता ने कहा कि बच्चों में बचपन से ही अपनी संस्कृति और परंपराओं के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना जरूरी है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में अभिभावकों, शिक्षकों और नगरवासियों के सहयोग के लिए आभार जताया। उप सरपंच शेखर सिंहदेव ने कहा कि नन्हे बच्चों की श्रद्धा और उत्साह देखकर नगरवासी भी अभिभूत हुए। शारदा महिला मंडल की कल्पना भदौरिया ने कहा कि बच्चों को संस्कार और संस्कृति से जोडऩे वाले ऐसे आयोजन समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। कार्यक्रम में भाजपा मंडल उपाध्यक्ष मनीष बंसल, शारदा महिला मंडल की सदस्य, व्यवसायी, सामाजिक कार्यकर्ता, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक और बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन ने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार जताया।


Share

Check Also

सूरजपुर/कुदरगढ़@रोपवे बना ‘सपनों का सफर’! घोषणा,अनुबंध और भूमिपूजन के बाद भी श्रद्धालुओं का इंतजार

Share पहले बिना ट्रस्ट पर आर्थिक बोझ के रोपवे लगाने का प्रस्ताव,फिर बदला मॉडल करोड़ों …

Leave a Reply