
भारी जन सैलाब के बीच शिव तांडव और भंडारे ने बांधा समा
कटगोड़ी में भी सनातन गौरव मंच की कांवर यात्रा में उमड़ा भक्तों का जन सैलाब…
-राजन पाण्डेय-
कोरिया,24 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। सावन के अंतिम सोमवार की पावन बेला में कोरिया जिले की धरती मानो स्वयं भगवान भोलेनाथ की भक्ति में डूब गई,हसदेव नदी के पवित्र उद्गम स्थल मेण्ड्रा से लेकर सोनहत और कटगोड़ी के प्राचीन शिवालयों तक हर ओर केसरिया रंग,कांवरियों की कतार और ‘हर-हर महादेव’,‘बोल बम’के गगनभेदी जयकारे सुनाई देते रहे। 24 अगस्त को पड़ने वाले सावन के अंतिम सोमवार को लेकर क्षेत्र में श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह रहा,पंचांग के अनुसार इस दिन कई शुभ योगों का संयोग माना गया है,जिससे शिव आराधना और जलाभिषेक के महत्व को और बढ़ा माना गया,इसी आस्था और श्रद्धा के बीच सोनहत के महादेव मंदिर तथा कटगोड़ी के सिद्धेश्वर महादेव मंदिर के लिए दो भव्य कांवर यात्राएं निकलीं,हजारों शिवभक्तों के कदम जब एक साथ आगे बढ़े तो सोनहत और कटगोड़ी की सड़कें श्रद्धा के सैलाब में बदल गईं,घंटों तक चौक-चौराहों पर भीड़ रही और वातावरण में केवल शिवभक्ति की गूंज सुनाई देती रही।
मेण्ड्रा से सोनहत तक आस्था की अगुवाई करती नजर आईं रेणुका सिंह
सोनहत में आयोजित कांवर यात्रा इस बार विशेष आकर्षण का केंद्र रही,भरतपुर-सोनहत विधायक एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीमती रेणुका सिंह की अगुवाई में महादेव सेवा समिति सोनहत द्वारा आयोजित इस भव्य यात्रा में क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु,महिलाएं,युवा,भाजपा कार्यकर्ता और शिवभक्त शामिल हुए,यात्रा का शुभारंभ हसदेव नदी के उद्गम स्थल मेण्ड्रा से हुआ,विधायक रेणुका सिंह ने श्रद्धालुओं के साथ पवित्र जल भरा और बाबा भोलेनाथ की आराधना कर कांवर यात्रा का शुभारंभ किया,हाथों में कांवर,माथे पर भस्म और जुबान पर भोलेनाथ का नाम लिए श्रद्धालुओं का जत्था जब मेण्ड्रा से सोनहत की ओर बढ़ा तो पूरा मार्ग शिवमय हो उठा। जगह-जगह ग्रामीणों ने कांवरियों का स्वागत किया। डमरू की
थाप,भक्ति गीतों और‘बोल बम’ के जयघोष के बीच विधायक रेणुका सिंह भी श्रद्धालुओं के साथ यात्रा में कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ती रहीं,यह दृश्य केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं,बल्कि क्षेत्र की सामाजिक और सांस्कृतिक एकजुटता का भी प्रतीक बन गया।
भोलेनाथ के चरणों में जल चढ़ाते हुए रेणुका सिंह ने मांगा क्षेत्र की खुशहाली का आशीर्वाद-कांवर यात्रा जब सोनहत पहुंची तो महादेव चौक से लेकर मंदिर परिसर तक श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा,विधिवत पूजा-अर्चना के बाद विधायक रेणुका सिंह ने महादेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया,इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र की सुख-शांति,समृद्धि,खुशहाली और निरंतर विकास की कामना की,उन्होंने कहा कि सावन का अंतिम सोमवार शिवभक्तों के लिए अत्यंत भावनात्मक और पवित्र अवसर है। मेण्ड्रा से पवित्र जल लेकर सोनहत के महादेव मंदिर तक पहुंचना उनके लिए केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि अपने क्षेत्र और क्षेत्रवासियों के प्रति आस्था एवं समर्पण का अवसर है,उन्होंने कहा कि‘बाबा भोलेनाथ की कृपा सोनहत क्षेत्र के प्रत्येक परिवार पर बनी रहे, हर घर में सुख-शांति रहे,युवाओं का भविष्य उज्ज्वल हो, किसानों के खेत खुशहाल हों और हमारा पूरा क्षेत्र विकास की नई ऊंचाइयों को छुए—इसी प्रार्थना के साथ बाबा के चरणों में जल अर्पित किया है,विधायक ने कहा कि सोनहत की जनता की श्रद्धा,विश्वास और प्रेम ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने क्षेत्र के विकास को अपनी प्राथमिकता बताते हुए कहा कि जनता के विश्वास को विकास के माध्यम से और मजबूत करने का निरंतर प्रयास किया जाएगा।
भक्ति के साथ सेवा का संदेश, श्रद्धालुओं के लिए हुआ विशाल भंडारा- जलाभिषेक के बाद महादेव सेवा समिति की ओर से भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। श्रद्धालुओं के लिए विशाल महाभंडारे और प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई,दूर-दराज के गांवों से पहुंचे कांवरियों और श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से प्रसाद ग्रहण किया, समिति के सदस्यों और स्वयंसेवकों ने पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, भंडारे में बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया और आयोजन की व्यवस्थाओं की सराहना की।
शिव तांडव की प्रस्तुति ने बांधा समां, भक्ति में झूम उठा सोनहत-कार्यक्रम का सबसे आकर्षक और भावनात्मक क्षण उस समय आया,जब मंच पर कलाकारों ने भगवान शिव के विराट स्वरूप को दर्शाती भव्य शिव तांडव प्रस्तुति दी,डमरू की गूंज,शिव स्तुति और कलाकारों की प्रभावशाली प्रस्तुति ने वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया,हजारों श्रद्धालु इस प्रस्तुति को देखने के लिए देर तक मौजूद रहे और पूरा परिसर‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से गूंजता रहा, इसके साथ ही सुप्रसिद्ध भजन गायकों ने भगवान शिव की स्तुति में एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।
हर वर्ष और भव्य होगी सोनहत की कांवर यात्रा-कार्यक्रम में कपिल पाण्डेय, विधायक प्रतिनिधि राम प्रताप मरावी,सुचित्रा पाल,भुवन भास्कर साहू जिला सयोजक चिकित्सा प्रकोष्ठ संदीप साहू सहित भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और महादेव सेवा समिति के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही, विधायक प्रतिनिधि राम प्रताप मरावी ने कहा कि क्षेत्रवासियों की अपार आस्था और उत्साह को देखते हुए आने वाले वर्षों में इस कांवर यात्रा को और व्यापक एवं और अधिक भव्य स्वरूप दिया जाएगा, उन्होंने कहा कि सोनहत की यह यात्रा आने वाली पीढि़यों के लिए सनातन संस्कृति, सेवा और सामाजिक एकता की प्रेरणा बनेगी।
बच्ची को आया चक्कर अस्पताल पहुची विधायक रेणुका सिंह-कांवर यात्रा के दौरान अत्यधिक गर्मी और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच एक छोटी बच्ची अचानक चक्कर आने से सड़क पर गिर पड़ी, स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए आयोजकों और सेवादारों ने तुरंत उसे प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलते ही भरतपुर-सोनहत विधायक एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीमती रेणुका सिंह स्वयं कांवर यात्रा के बीच से तुरंत अस्पताल पहुंचीं, उन्होंने न केवल बच्ची का हाल-चाल जाना और डॉक्टरों को त्वरित व समुचित इलाज के निर्देश दिए,बल्कि बच्ची के परिजनों से बातचीत कर उन्हें ढांढस बंधाया और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया, विधायक की इस त्वरित संवेदनशीलता और तत्परता की श्रद्धालुओं तथा स्थानीय ग्रामीणों ने जमकर सराहना की।
कटगोड़ी में भी उमड़ा शिवभक्तों का भारी सैलाब-
इधर कटगोड़ी में भी सनातन गौरव मंच एवं मानस परिवार समिति के संयुक्त तत्वावधान में भव्य कांवर यात्रा निकाली गई, मंच के संयोजक मनोज साहू की अगुवाई में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शिव गुफा, हसदेव नदी से पवित्र जल उठाया और पैदल यात्रा करते हुए कटगोड़ी स्थित सिद्धेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे। यहां विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक किया गया, कांवर यात्रा के दौरान कटगोड़ी का वातावरण भी पूरी तरह शिवमय रहा।
एक घंटे तक थमा यातायात, शिव तांडव पर झूमता रहा कटगोड़ी-
कांवर यात्रा में उमड़ी भारी भीड़ के चलते कटगोड़ी मन्दिर चौक पर करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, लेकिन श्रद्धालुओं के उत्साह के आगे जाम भी आस्था के उत्सव का हिस्सा बन गया, चौक पर कलाकारों की ओर से प्रस्तुत शिव तांडव ने श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं गायको ने भजनों की प्रस्तुति देकर माहौल को और भक्तिमय बना दिया, सनातन गौरव मंच के संयोजक मनोज साहू ने घोषणा की कि सिद्धेश्वर महादेव मंदिर के लिए यह कांवर यात्रा अब हर वर्ष इसी तरह भव्य रूप से आयोजित की जाएगी।
जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की रही बड़ी भागीदारी-
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य शिव कुमारी, जनपद अध्यक्ष आशा सोनपाकर, जनपद सदस्य कमलकांत, अलेश्वरी गौतम, सोनिया राजवाड़े, चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक डॉ भुवन भास्कर साहू सनातन गौरव मंच के रुद्र साहू, राजू साहू, दीपक जायसवाल, भीम राजवाड़े, मंडल अध्यक्ष राजा राम राजवाड़े, रमेश तिवारी, सुरेश राजवाड़े, जय प्रकाश राजवाड़े, समय लाल ,दिलीप राजवाड़े, राजेश साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे मानस परिवार की ओर से नीलेश साहू, प्रदीप साहू सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आयोजन में सहभागिता की।
बारिश में नही थमे पांव चढ़ाया जल-
सोनहत कटगोड़ी में लगातार बारिश के बीच शिव भक्तों ने शिव गुफा और मेण्ड्रा से पैदल चल भोले नाथ का अभिषेक किया गया।
दसेर से जटाशंकर तक शिवालयों में लगा रहा भक्तों का तांता-
सोनहत और कटगोड़ी के अलावा जिले के अन्य प्रमुख शिवधामों में भी सावन के अंतिम सोमवार पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही, राज्य के अंतिम छोर पर पहाडि़यों के बीच स्थित नीलकंठ महादेव (दसेर) में मध्यप्रदेश सहित आसपास के क्षेत्रों से श्रद्धालु पहुंचे, वहीं भरतपुर-सोनहत विधानसभा क्षेत्र के प्रसिद्ध जटाशंकर धाम में भी सुबह से देर शाम तक भक्तों का तांता लगा रहा।
सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद-
दोनों प्रमुख धार्मिक आयोजनों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा विभिन्न चौक-चौराहों और प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के लिए जवानों की तैनाती की गई, पुलिस और आयोजन समितियों के स्वयंसेवकों के समन्वय से धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए।
आस्था ने जोड़ दिए हजारों कदम- सावन के अंतिम सोमवार पर सोनहत और कटगोड़ी में निकली कांवर यात्राओं ने यह संदेश दिया कि जब आस्था दिलों में उतरती है तो हजारों कदम अपने आप एक दिशा में चल पड़ते हैं, मेण्ड्रा के हसदेव उद्गम से उठी पवित्र जलधारा जब सोनहत और कटगोड़ी के शिवालयों तक पहुंची, तो उसके साथ हजारों श्रद्धालुओं की आस्था, सेवा और समर्पण भी भोलेनाथ के चरणों में अर्पित हो गया, हर तरफ एक ही स्वर था— ‘हर-हर महादेव… बोल बम! ‘
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur