Breaking News

प्रतापपुर/सूरजपुर@ मोबाइल दुकान चोरीकांड का पर्दाफाश, चार नाबालिग हिरासत में….सोशल मीडिया पर वायरल सीसीटीवी फुटेज और दुकानदार की सजगता से पुलिस को मिली सफलता,चोरी के मोबाइल बरामद;एक आरोपी अब भी फरार

Share

-संवाददाता-
प्रतापपुर/सूरजपुर,24 अगस्त 2026 (घटती-घटना)।
कदमपारा चौक स्थित पेट्रोल पंप के बगल में संचालित सुशील मोबाइल दुकान में छत काटकर हुई चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है, घटना के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज और सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो ने पुलिस की जांच को गति दी। वहीं दुकानदार की सजगता और संदिग्धों की पहचान के लिए किए गए प्रयासों के बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही। मामले में पुलिस ने चार नाबालिगों को हिरासत में लिया है, जबकि एक अन्य नाबालिग आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार बीते दिनों अज्ञात चोरों ने कदमपारा चौक स्थित सुशील मोबाइल दुकान की छत काटकर अंदर प्रवेश किया था,इसके बाद दुकान में रखे करीब 50 हजार रुपये से अधिक कीमत के मोबाइल फोन लेकर आरोपी फरार हो गए, चोरी की पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई थी, फुटेज सामने आने के बाद घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और चोरी की घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई।
दुकानदार की सजगता से आरोपियों तक पहुंची पुलिस-घटना के बाद दुकानदार ने केवल पुलिस में शिकायत दर्ज कराने तक सीमित न रहते हुए अपने स्तर पर भी आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाई,बताया गया कि संदिग्धों की तस्वीरों और उपलब्ध जानकारी के आधार पर गांव-गांव जाकर पहचान का प्रयास किया गया,सोशल मीडिया के माध्यम से घटना की जानकारी व्यापक स्तर पर सामने आने के बाद पुलिस को भी आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिली,पुलिस ने मामले की जांच के दौरान उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की,जांच आगे बढ़ने पर पांच नाबालिगों के इस चोरी की वारदात में शामिल होने की जानकारी सामने आई।
चार हिरासत में,चोरी का सामान बरामद-पुलिस के अनुसार चोरी में शामिल बताए जा रहे पांचों आरोपी नाबालिग हैं,इनमें से चार को पुलिस ने हिरासत में लिया है, जबकि एक आरोपी फिलहाल फरार है,पूछताछ के दौरान आरोपियों से चोरी की घटना को लेकर जानकारी ली गई और उनके कब्जे से चोरी किए गए सामान की बरामदगी भी की गई है, पुलिस अब फरार नाबालिग आरोपी की तलाश में जुटी हुई है,साथ ही हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ के आधार पर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उन्होंने इससे पहले क्षेत्र में किसी अन्य चोरी की घटना को अंजाम दिया है या नहीं।
अन्य चोरियों से भी जुड़ रहे तार?-पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा क्षेत्र में अन्य स्थानों पर भी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिए जाने की जानकारी सामने आने की बात कही जा रही है,हालांकि इन घटनाओं में उनकी संलिप्तता की पुष्टि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी, पुलिस संबंधित मामलों और उपलब्ध साक्ष्यों का मिलान कर रही है,नाबालिग होने के कारण आरोपियों के विरुद्ध किशोर न्याय कानून के तहत नियमानुसार कार्रवाई की गई है,उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किए जाने के बाद बाल संरक्षण संबंधी प्रक्रिया के तहत भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।
व्यापारियों ने ली राहत की सांस-चोरीकांड का खुलासा होने के बाद प्रतापपुर के व्यापारियों और स्थानीय दुकानदारों ने राहत की सांस ली है, व्यापारियों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत है,खासकर रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की मांग उठ रही है,सुशील मोबाइल दुकान चोरीकांड में सीसीटीवी फुटेज,दुकानदार की सजगता और सोशल मीडिया पर घटना को मिली व्यापक चर्चा पुलिस जांच के लिए अहम कड़ी साबित हुई,अब पुलिस फरार आरोपी की तलाश के साथ यह भी जांच कर रही है कि नाबालिग आरोपियों का किसी अन्य चोरी की घटना से संबंध है या नहीं।


Share

Check Also

खड़गवां@ बचरा-पोड़ी में मध्यप्रदेश की शराब का ‘खेल’! कम कीमत में बिक्री के आरोप,पुलिस की चुप्पी पर उठे सवाल

Share सीमावर्ती क्षेत्र से शराब आने की चर्चा,स्थानीय स्तर पर खुलेआम खपाने का आरोपचौकी प्रभारी …

Leave a Reply