-संवाददाता-
अम्बिकापुर,24 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। होलीक्रॉस वीमेंस कॉलेज में प्राचार्य डॉ. (सिस्टर) शांता जोसेफ की अध्यक्षता में ‘सर्वधर्म समभाव प्रार्थना’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में सभी धर्मों के प्रति सम्मान, आपसी सद्भाव, प्रेम, शांति और मानवीय एकता की भावना को मजबूत करना रहा। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने विभिन्न धर्मों के पवित्र ग्रंथों से पाठ प्रस्तुत किए। इसके साथ ही सभी धर्मों के भजनों का सामूहिक गायन किया गया। महाविद्यालय परिवार ने विश्व शांति, समाज की सुख-समृद्धि और सभी के मंगल की कामना करते हुए सामूहिक प्रार्थना की।
मिलाद-उल-नबी के संदेश से कराया परिचित : कार्यक्रम में मिलाद-उल-नबी के महत्व पर वाणिज्य संकाय की छात्राओं ने प्रकाश डाला। उन्होंने पैगंबर हजरत मोहम्मद के जीवन और उनके द्वारा दिए गए प्रेम, करुणा, भाईचारे एवं मानवता के संदेश को रेखांकित किया। छात्राओं ने बताया कि धार्मिक विविधता के बीच आपसी सम्मान और सद्भाव समाज को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
‘विविधता में एकता’ का संदेश : कार्यक्रम का नेतृत्व डॉ. (सिस्टर) मंजू टोप्पो, डॉ. (सिस्टर) दिव्या गुलाब एवं सुश्री कविता एक्का ने किया। आयोजन ने छात्राओं को धार्मिक विविधता में एकता, परस्पर सम्मान और सामाजिक सद्भाव जैसे मूल्यों से जोड़ने का संदेश दिया। महाविद्यालय में आयोजित इस प्रार्थना कार्यक्रम ने नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ छात्राओं के बीच सकारात्मक, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्राओं की सक्रिय सहभागिता रही।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur