छुट्टी पर पत्नी के पास आया था जवान,पैतृक गांव जाते समय बोलेरो ने मारी टक्कर,अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान तोड़ा दम
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,24 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। छुट्टी पर घर आए सीआरपीएफ जवान की सडक हादसे में मौत हो गई। वह स्कूटी से अपनी मां से मिलने पैतृक गांव जा रहा था। इसी दौरान जशपुर जिले के ग्राम टेम्पू के पास सामने से आ रही बोलेरो ने उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल जवान को उपचार के लिए पहले मनोरा,फिर जशपुर और बाद में अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया,जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार सन्ना क्षेत्र निवासी 45 वर्षीय फ्रेड्रिक जॉन एक्का पिता स्व. बरलोलिन एक्का सीआरपीएफ में पदस्थ थे। उनकी पदस्थापना इंफाल, मणिपुर में थी। कुछ दिन पूर्व वह छुट्टी लेकर मनोरा, जशपुर स्थित अपनी पत्नी के पास आए थे। उनकी पत्नी शिक्षिका हैं। 23 अगस्त को फ्रेड्रिक जॉन एक्का स्कूटी से अपनी मां से मिलने पैतृक गांव घसमा, चौकी सोनक्यारी, थाना सन्ना जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम टेम्पू के पास सामने से आ रही बोलेरो क्रमांक सीजी 04 एचएम 8746 के चालक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बोलेरो चालक ने घायल जवान को पिकअप वाहन से उपचार के लिए मनोरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जशपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे की सूचना मिलने पर उनकी पत्नी जशपुर अस्पताल पहुंचीं। यहां भी डॉक्टरों ने हालत गंभीर होने पर उन्हें अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार के दौरान फ्रेड्रिक जॉन एक्का ने दम तोड़ दिया। जवान की मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur