Breaking News

अम्बिकापुर@ भोलेनाथ को जल चढ़ाने से पहले किशोर की हादसे में मौत

Share


सावन के आखिरी सोमवार को कैलाश गुफा में जल चढ़ाने जा रहे थे बाइक से दो किशोर,कार ने मारी टक्कर…
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,24 अगस्त 2026 (घटती-घटना)।
सावन के आखिरी सोमवार को भगवान भोलेनाथ को जल चढ़ाने कैलाश गुफा जा रहे दो किशोर रविवार शाम सडक हादसे का शिकार हो गए। बतौली थाना क्षेत्र के बगीचा मार्ग पर ग्राम बिलासपुर के पास तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। यहां डॉक्टरों ने 15 वर्षीय राहुल बिंझिया को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके साथी सुनील का इलाज जारी है। जानकारी के अनुसार उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नुनेरा निवासी 15 वर्षीय राहुल बिंझिया पिता सुरेंद्र बिंझिया अपने दोस्त ग्राम करौटी के खुटरापारा निवासी सुनील के साथ रविवार को बाइक से कैलाश गुफा के लिए निकला था। दोनों सावन के आखिरी सोमवार को भगवान भोलेनाथ को जल चढ़ाने वाले थे। शाम करीब 6 बजे वे बतौली थाना क्षेत्र के ग्राम बिलासपुर के पास बगीचा मार्ग पर पहुंचे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार कार क्रमांक सीजी 15 डीवी 0588 ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सडक पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने दोनों को शांतिपारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर दोनों को अंबिकापुर रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने राहुल को मृत घोषित कर दिया।
25 अगस्त को था जन्मदिन,घर में मातम : राहुल का जन्मदिन 25 अगस्त को था। उसने सोचा था कि सोमवार को भगवान भोलेनाथ को जल चढ़ाने के बाद अगले दिन अपना जन्मदिन धूमधाम से मनाएगा, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। जन्मदिन की खुशियों से ठीक पहले हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। राहुल की मौत की खबर मिलते ही माता-पिता समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इधर, पुलिस ने सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया। हादसे के बाद बतौली पुलिस ने कार जब्त कर चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


Share

Check Also

खड़गवां@ बचरा-पोड़ी में मध्यप्रदेश की शराब का ‘खेल’! कम कीमत में बिक्री के आरोप,पुलिस की चुप्पी पर उठे सवाल

Share सीमावर्ती क्षेत्र से शराब आने की चर्चा,स्थानीय स्तर पर खुलेआम खपाने का आरोपचौकी प्रभारी …

Leave a Reply