फर्जी आधार और मृत्यु प्रमाण-पत्र के सहारे राजस्व रिकॉर्ड में नाम चढ़ाने का आरोप,पटवारी से मिलीभगत का दावा,ग्रामीणों ने एसडीएम से की शिकायत
-सुदामा राजवाड़े-
कुसमी,23 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। अनुविभाग कुसमी के ग्राम जिगनियां में जमीन के राजस्व रिकॉर्ड में कथित फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि एक व्यक्ति ने मृतक को अपना पिता बताकर कथित तौर पर फर्जी आधार कार्ड और मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार कराया और इसके आधार पर कीमती जमीन अपने नाम दर्ज करा ली। मामले में हल्का पटवारी से कथित मिलीभगत का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कुसमी से शिकायत कर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
2012 में हुई मौत,2025 तक रिकॉर्ड में नाम : शिकायत के अनुसार ग्राम जिगनियां के पारा अम्बाकोना निवासी लोया,पिता चकिया का निधन वर्ष 2012 में हो चुका था। इसके बावजूद उनका नाम वर्ष 2025 तक राजस्व अभिलेखों में दर्ज बताया जा रहा है। आरोप है कि इसी बीच ग्राम जलबोथा निवासी गोवर्धन,पिता लेडंग ने खुद को लोया का पुत्र बताते हुए कथित रूप से जमीन पर अपना दावा पेश किया। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि गोवर्धन ने कथित तौर पर जलबोथा से लोया के नाम का फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाया और स्वयं को लोया का पुत्र दर्शाते हुए फर्जी आधार कार्ड भी तैयार कराया।
पटवारी से सांठगांठ का आरोप : ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि गोवर्धन ने हल्का पटवारी से कथित सांठगांठ कर अन्य हिस्सेदारों अथवा खातेदारों को सूचना दिए बिना राजस्व अभिलेखों में अपना नाम दर्ज करा लिया। शिकायतकर्ताओं ने इस नामांतरण की प्रक्रिया, प्रस्तुत दस्तावेजों और संबंधित राजस्व रिकॉर्ड की जांच कराने की मांग की है।
मृतक का कोई पुत्र नहीं होने का दावा : शिकायत में एक महत्वपूर्ण दावा यह भी किया गया है कि मृतक लोया का कोई पुत्र नहीं था,बल्कि उनकी केवल एक पुत्री है, जिसका विवाह गोपातु गांव में हुआ है और वह वर्तमान में जीवित है। ऐसे में गोवर्धन के स्वयं को मृतक का पुत्र बताने के दावे पर सवाल उठाए गए हैं।
2003 की मतदाता सूची से भी उठे सवाल : ग्रामीणों के मुताबिक वर्ष 2003 की मतदाता सूची में गोवर्धन का परिवार ग्राम पंचायत जलबोथा का निवासी दर्ज है। इसमें उसके पिता लेडंग,पत्नी और भाई का उल्लेख होने का दावा किया गया है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि यह रिकॉर्ड गोवर्धन के जिगनियां निवासी लोया का पुत्र होने के दावे की जांच में महत्वपूर्ण हो सकता है।
क्या जमीन के पीछे सक्रिय हैं भू-माफिया? मामले को लेकर ग्रामीणों ने पूरे घटनाक्रम के पीछे भू-माफियाओं की संभावित भूमिका की भी आशंका जताई है। हालांकि इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से दस्तावेजों की सत्यता, नामांतरण प्रक्रिया और संबंधित लोगों की भूमिका की गहन जांच कराने की मांग की है।
एसडीएम से निष्पक्ष जांच और नाम हटाने की मांग : ग्रामीणों ने एसडीएम कार्यालय में आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच, कथित फर्जी दस्तावेज तैयार करने और राजस्व रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया की जांच तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur