Breaking News

अम्बिकापुर@मानसून ने अंबिकापुर को भिगोया,जिले में 42 फीसदी पीछे

Share

22 अगस्त तक 1014.1 मिमी बारिश,औसत का 83.1 फीसदी,संभाग में सरगुजा 42 फीसदी पीछे तो बलरामपुर 43 फीसदी आगे

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,23 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। मानसून इस बार अंबिकापुर पर मेहरबान है। जून में कमजोर शुरुआत के बाद जुलाई और अगस्त में हुई झमाझम बारिश से शहर में मानसूनी बारिश का आंकड़ा 1000 मिमी के पार पहुंच गया है। शनिवार को मौसम कार्यालय में दिनभर में 46.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके साथ ही 22 अगस्त की शाम तक अंबिकापुर में कुल मानसूनी बारिश 1014.1 मिमी हो गई है। यह मानसून की औसत वर्षा 1220 मिमी का 83.1 प्रतिशत है। मौसम वैज्ञानिक एएम भट्ट के अनुसार अंबिकापुर ने इस वर्ष औसत मानसूनी वर्षा के लक्ष्य को सामान्य समय से करीब 38 दिन पहले हासिल कर लिया है। सामान्य वर्षा औसत से प्लस-माइनस 19 प्रतिशत तक मानी जाती है। अभी मानसून का एक महीने से अधिक समय शेष है। ऐसे में बारिश का आंकड़ा औसत के और करीब पहुंचने की संभावना है। अंबिकापुर में बारिश की स्थिति अच्छी है,लेकिन पूरे सरगुजा संभाग में बारिश का वितरण असमान है। अंबिकापुर में जून में मानसून की शुरुआत कमजोर रही। पूरे महीने 109.3 मिमी बारिश हुई। जुलाई में मानसून सक्रिय हुआ और महीनेभर में 462 मिमी बारिश दर्ज की गई। अगस्त में भी बारिश का दौर जारी है। 22 अगस्त की शाम तक अगस्त में 442.8 मिमी बारिश हो चुकी है। इस तरह जून,जुलाई और अगस्त में अब तक कुल 1014.1 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है।
अगस्त में 500 मिमी तक पहुंचने का अनुमान : मौसम वैज्ञानिक एएम भट्ट के अनुसार मानसून अभी सक्रिय रहने की उम्मीद है। अगस्त में अब तक 442.8 मिमी बारिश हो चुकी है और महीने का करीब एक सप्ताह अभी बाकी है। ऐसे में अगस्त की कुल बारिश 500 मिमी के आसपास पहुंच सकती है। अंबिकापुर की मानसूनकालीन औसत वर्षा 1220 मिमी है। वर्तमान आंकड़ा औसत से 205.9 मिमी कम है। मानसून के शेष समय में अच्छी बारिश हुई तो औसत वर्षा का आंकड़ा पार हो सकता है।
संभाग में बारिश का असमान वितरण, सरगुजा 42 फीसदी पीछे : मौसम केंद्र रायपुर के 1 जून से 23 अगस्त 2026 तक के जिला-वार आंकड़ों के अनुसार सरगुजा संभाग में कुल 795 मिमी बारिश दर्ज की गई है। सामान्य वर्षा 857.1 मिमी के मुकाबले यह 7 फीसदी कम है, फिर भी संभाग की स्थिति सामान्य श्रेणी में है। संभाग में सबसे कम बारिश सरगुजा जिले में हुई है। यहां 514.1 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि सामान्य वर्षा 883.7 मिमी है। इस तरह जिले में 42 फीसदी कम बारिश हुई है और सरगुजा अल्प वर्षा की श्रेणी में है। इसके विपरीत बलरामपुर में 1027.6 मिमी बारिश दर्ज हुई है,जबकि सामान्य वर्षा 716.5 मिमी है। यहां सामान्य से 43 फीसदी अधिक बारिश हुई है और जिला अधिक वर्षा की श्रेणी में है।
सूरजपुर में सामान्य, जशपुर में 35 फीसदी कमी : सूरजपुर में 879.9 मिमी बारिश हुई है,जबकि सामान्य वर्षा 892.1 मिमी है। यहां केवल 1 फीसदी कमी है और स्थिति सामान्य है। जशपुर में 659.8 मिमी बारिश दर्ज हुई है। सामान्य वर्षा 1009.1 मिमी के मुकाबले यहां 35 फीसदी कमी है।
जशपुर अल्प वर्षा की श्रेणी में है। कोरिया में 685.9 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य 835.7 मिमी से 18 फीसदी कम है। इसके बावजूद जिला सामान्य श्रेणी में है। वहीं मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) में 857.6 मिमी बारिश हुई है,जो सामान्य 835.6 मिमी से 3 फीसदी अधिक है।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@विवाद पर शराब की बोतल से सिर पर हमला

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,23 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। बगीचा चौक के पास बाइक रोकते समय पैर टकराने की …

Leave a Reply