Breaking News

अम्बिकापुर@महिला पुलिसकर्मियों के लिए पहली बार ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग,सीआरपी का भी प्रशिक्षण

Share


पुलिस लाइन में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम,विशेषज्ञ चिकित्सकों ने प्रारंभिक पहचान और नियमित जांच के महत्व की दी जानकारी

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,23 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। महिला पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के स्वास्थ्य को लेकर सरगुजा पुलिस के मार्गदर्शन में रविवार को पुलिस लाइन,अंबिकापुर में विशेष ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग एवं सीआरपी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सरगुजा संभाग में पहली बार महिला पुलिसकर्मियों के लिए विशेष रूप से आयोजित इस पहल में स्वास्थ्य जांच के साथ महिलाओं को ब्रेस्ट कैंसर की शुरुआती पहचान और समय पर उपचार के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का आयोजन भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी,जिला शाखा सरगुजा,इंडियन मेडिकल एसोसिएशन,सरगुजा और लायंस क्लब अंबिकापुर के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
नियमित जांच से समय पर हो सकती है बीमारी की पहचान : कार्यक्रम में कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. पीयू प्रकाश सक्सेना ने ब्रेस्ट कैंसर से संबंधित चिकित्सकीय जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को बीमारी के शुरुआती लक्षणों, समय पर स्क्रीनिंग और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में बताया। इस दौरान उपस्थित महिला पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की स्क्रीनिंग कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी दिया गया। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन सरगुजा के सचिव डॉ. अर्पण सिंह चौहान ने कहा कि महिला पुलिस अधिकारी और कर्मचारी अपने शासकीय दायित्वों के साथ परिवार एवं समाज के प्रति भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाती हैं।
ऐसे में उनके स्वास्थ्य की नियमित जांच और समय पर चिकित्सकीय परामर्श बेहद जरूरी है। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग करने के साथ समय पर स्क्रीनिंग के लिए प्रेरित करना है।
आम महिलाओं के लिए भी रही स्क्रीनिंग की सुविधा : कार्यक्रम की खास बात यह रही कि सरगुजा की आम जनता, विशेषकर इच्छुक महिलाओं के लिए भी ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग और चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इस पहल के जरिए पुलिस विभाग की महिला कर्मियों के साथ आम नागरिकों को भी समय पर स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक झा एवं डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश अग्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी,रक्षित निरीक्षक अंबिकापुर तृप्ति सिंह राजपूत,सूबेदार गुलशन चंद्रा,सूबेदार पेमिन वर्मा सहित सरगुजा रेंज के विभिन्न जिलों से महिला पुलिस अधिकारी-कर्मचारी तथा पुलिस चिकित्सालय के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में पुलिस विभाग,चिकित्सा विशेषज्ञों और सामाजिक संस्थाओं की संयुक्त सहभागिता से महिलाओं के स्वास्थ्य,समय पर बीमारी की पहचान और स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश दिया गया।
डॉक्टरों की टीम ने दी स्वास्थ्य सेवाएं
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन सरगुजा की ओर से डॉ. सुजीत,डॉ. हरप्रीत,डॉ. सुधांशु,डॉ. सुषमा, डॉ. रितेश,डॉ. स्वप्निल और डॉ. अखिलेश ने चिकित्सकीय टीम के रूप में सहभागिता की और स्क्रीनिंग एवं स्वास्थ्य सेवाओं में सहयोग किया।
सीआरपी प्रशिक्षण में सिखाई जीवन बचाने की तकनीक
कार्यक्रम के दूसरे चरण में डॉ. श्रीकांत सिंह ने सीआरपी प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण के दौरान आपातकालीन परिस्थितियों में प्राथमिक जीवनरक्षक सहायता देने की आवश्यक तकनीकों की जानकारी दी गई और प्रतिभागियों को इसका व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@विवाद पर शराब की बोतल से सिर पर हमला

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,23 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। बगीचा चौक के पास बाइक रोकते समय पैर टकराने की …

Leave a Reply