

एसपी हरीश राठौर ने कहा…जरा सी ऑनलाइन लापरवाही जीवनभर की कमाई छीन सकती है,यातायात में छोटी चूक परिवार के अरमानों पर डाल सकती है असर
-संवाददाता-
पटना/कोरिया,23 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। जिले में साइबर अपराध और सड़क दुर्घटनाओं से बचाव को लेकर चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत पंडित ज्वाला प्रसाद उपाध्याय शासकीय महाविद्यालय,पटना में साइबर एवं यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर ने छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन ठगी से बचने के उपायों के साथ-साथ यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया। प्रदेश में चलाए जा रहे व्यापक साइबर जागरूकता अभियान के तहत 14 अगस्त से 2 अक्टूबर तक जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया और पुलिस अधिकारियों से साइबर सुरक्षा एवं सड़क सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।
जरा सी लापरवाही पड़ सकती है भारी-कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसपी हरीश राठौर ने कहा कि वर्तमान समय में जीवन की अधिकांश गतिविधियां ऑनलाइन माध्यम से जुड़ गई हैं, ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को डिजिटल दुनिया में बेहद सतर्क रहने की जरूरत है, उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि साइबर मामलों में जरा सी लापरवाही जीवनभर की गाढ़ी कमाई छीन सकती है,जबकि यातायात में छोटी सी लापरवाही व्यक्ति और उसके परिवार के अरमानों को अधूरा कर सकती है, एसपी ने युवाओं से स्वयं जागरूक रहने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर अपराध एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की।
OTP, PIN और संदिग्ध लिंक से रहें सावधान-पुलिस अधीक्षक ने ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को फर्जी लिंकAPK फाइल,व्हाट्सऐप वीडियो कॉल और अनधिकृत तरीके से ओटीपी साझा करने के खतरों से सावधान किया, उन्होंने कहा कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ OTP,PIN,पासवर्ड,बैंक खाते की जानकारी अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए,उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि किसी अज्ञात लिंक पर क्लिक करने या संदिग्ध ्रक्क्य फाइल डाउनलोड करने से बचें,किसी भी ऑनलाइन लेन-देन में जल्दबाजी करने के बजाय पहले पूरी जानकारी की पुष्टि करें।
ठगी होने पर तुरंत 1930 पर करें शिकायत-कार्यक्रम में विद्यार्थियों को साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल सहायता के लिए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी दी गई, पुलिस ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति ऑनलाइन ठगी का शिकार होता है तो उसे बिना समय गंवाए 1930 पर शिकायत दर्ज करनी चाहिए,समय पर शिकायत मिलने से ठगी गई रकम को रोकने और आगे की कार्रवाई का प्रयास किया जा सकता है।
सड़क सुरक्षा को लेकर भी किया जागरूक-कार्यक्रम में यातायात नियमों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त करने के बाद ही वाहन चलाने,दोपहिया वाहन पर हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया,इसके अलावा निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने,वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई,पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को समझाया कि सड़क पर थोड़ी सी सावधानी न केवल स्वयं की बल्कि अन्य लोगों की जिंदगी भी सुरक्षित रख सकती है।
घायल की मदद करना भी जिम्मेदारी-कार्यक्रम के दौरान गुड सेमेरिटन यानी नेक इंसान नीति की जानकारी भी विद्यार्थियों को दी गई,पुलिस ने सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की तत्काल मदद करने और उसे समय पर अस्पताल पहुंचाने के लिए प्रेरित किया, अधिकारियों ने कहा कि दुर्घटना के बाद समय पर मिलने वाली चिकित्सा किसी व्यक्ति की जान बचा सकती है,विद्यार्थियों को राहवीर एवं नगदी रहित उपचार योजना की जानकारी भी दी गई,ताकि सड़क दुर्घटना के पीडि़तों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने में समाज की भूमिका मजबूत हो सके।
सेल्फी के जरिए भी दिया जागरूकता संदेश-कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय परिसर में साइबर जागरूकता संबंधी स्टैंडी के सामने विद्यार्थियों और स्टाफ ने सेल्फी ली,इसके बाद इसे सोशल मीडिया पर साझा कर साइबर सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूकता का संदेश प्रसारित किया गया,कार्यक्रम को जिला युवा अधिकारी चहल कैलाशिया एवं उप पुलिस अधीक्षक श्याम मधुकर ने भी संबोधित किया,उन्होंने युवाओं से साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने और यातायात नियमों का पालन कर स्वयं तथा दूसरों के जीवन को सुरक्षित रखने की अपील की, कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शिव शंकर राजवाड़े द्वारा एसपी हरीश राठौर के पुष्पगुच्छ से स्वागत के साथ हुई,कार्यक्रम के समापन पर महाविद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर थाना प्रभारी पटना प्रमोद पांडेय,प्रधान आरक्षक सत्येंद्र तिवारी,महिला प्रधान आरक्षक गीता टोप्पो, यातायात हवलदार डॉ. महेश मिश्रा, सहायक प्राध्यापक डॉ. बरखा सिंह,पूनम टोप्पो,सहायक ग्रेड-1 रोहित साहू सहित महाविद्यालय के अतिथि व्याख्याता और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन दुर्गावती राजवाड़े ने किया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur