
विश्रामपुर रेलवे स्टेशन पर 16 अगस्त से 5 सितंबर तक लाइफलाइन एक्सप्रेस का शिविर,विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध…
आंख,कान,बच्चों की सर्जरी, प्लास्टिक सर्जरी,दंत उपचार और कैंसर स्क्रीनिंग की सुविधा,सुबह 9 से शाम 4 बजे तक ओपीडी
-संवाददाता-
सूरजपुर,22 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। कलेक्टर रेना जमील के मार्गदर्शन एवं जिला प्रशासन के सहयोग से विश्रामपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक-02 पर इम्पैक्ट इंडिया फाउंडेशन की 256वीं लाइफलाइन एक्सप्रेस परियोजना के तहत निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर संचालित किया जा रहा है,16 अगस्त से शुरू हुआ यह शिविर 5 सितंबर 2026 तक चलेगा, शिविर में जिले के दूर-दराज और ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंच रहे जरूरतमंद मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श,जांच और आवश्यक उपचार की सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं,लाइफलाइन एक्सप्रेस को ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों तक विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है,शिविर के माध्यम से ऐसे मरीजों को स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं मिल रही हैं,जिन्हें सामान्य परिस्थितियों में उपचार या सर्जरी के लिए बड़े अस्पतालों अथवा शहरों का रुख करना पड़ सकता है।
कई गंभीर रोगों की जांच और सर्जरी की सुविधा-शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा विभिन्न चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं,इनमें आंखों की जांच एवं मोतियाबिंद सर्जरी,कान की जांच एवं सर्जरी,18 वर्ष से कम आयु के बच्चों के मुड़े हुए हाथ-पैर की जांच एवं सर्जरी, प्लास्टिक सर्जरी तथा दांतों की जांच और उपचार शामिल हैं,इसके अलावा महिलाओं के स्तन एवं गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की जांच और स्क्रीनिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है,शिविर में प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक ओपीडी संचालित हो रही है, मरीजों का पंजीयन करने के बाद आवश्यकता के अनुसार उनकी जांच, विशेषज्ञ परामर्श और आगे की उपचार प्रक्रिया सुनिश्चित की जा रही है।
दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों के लिए बड़ी राहत-सूरजपुर जिले के कई ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान नहीं होती,ऐसे में लाइफलाइन एक्सप्रेस का शिविर जरूरतमंद मरीजों के लिए महत्वपूर्ण अवसर बनकर सामने आया है,निःशुल्क जांच और उपचार उपलब्ध होने से मरीजों तथा उनके परिजनों पर इलाज का आर्थिक बोझ कम होने के साथ समय और यात्रा की परेशानी भी कम हो रही है, विशेष रूप से मोतियाबिंद, कान संबंधी समस्या,बच्चों में शारीरिक विकृति तथा कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की शुरुआती जांच और समय पर उपचार मरीजों के लिए महत्वपूर्ण हो सकता है, शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की मौजूदगी से ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को अपने जिले में ही आवश्यक चिकित्सकीय सलाह और उपचार प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है।
व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी-कलेक्टर रेना जमील द्वारा शिविर के सफल संचालन और अधिक से अधिक जरूरतमंद मरीजों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए संबंधित विभागों को लगातार आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं,मरीजों को पंजीयन,जांच और उपचार के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो,इसके लिए जिला प्रशासन,स्वास्थ्य विभाग और मैदानी अमला आपसी समन्वय से काम कर रहा है, जिला प्रशासन का जोर इस बात पर है कि शिविर की जानकारी अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक पहुंचे और पात्र मरीज समय रहते इसका लाभ उठा सकें,इसके लिए स्वास्थ्य अमले को मरीजों के मार्गदर्शन और आवश्यक सहयोग की जिम्मेदारी दी गई है।
स्वास्थ्य अमले की अहम भूमिका- शिविर की व्यवस्थाओं में सूरजपुर का स्वास्थ्य अमला महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है,सहायक नोडल अधिकारी डॉ. मुकेश राजवाड़े के नेतृत्व में वरिष्ठ नेत्र सहायक अधिकारी एस.पी. मिश्रा तथा नेत्र सहायक अधिकारी मारुति नंदन चक्रधारी,अमित सोनी,सुरेन्द्र सिंह सोरी,बेंजामिन खाखा, इमरान खान,रविशंकर कुशवाहा,विनोद भगत,श्यामलाल चौधरी,बी.एन. शर्मा, पुष्पराज वर्मा,अमित चौरसिया एवं जितेंद्र कुशवाहा सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मरीजों के पंजीयन, जांच,मार्गदर्शन और उपचार प्रक्रिया में सहयोग कर रही है, स्वास्थ्य अमले की यह समन्वित भूमिका शिविर में आने वाले मरीजों को आवश्यक सेवाओं तक पहुंचाने और विभिन्न चरणों की प्रक्रिया को व्यवस्थित रखने में महत्वपूर्ण साबित हो रही है।
अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील-जिला प्रशासन का प्रयास है कि लाइफलाइन एक्सप्रेस जैसी पहल का लाभ जिले के अधिक से अधिक जरूरतमंद नागरिकों तक पहुंचे,कलेक्टर रेना जमील ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं और अपने आसपास के जरूरतमंद लोगों को भी शिविर की जानकारी दें,16 अगस्त से शुरू हुआ यह शिविर 5 सितंबर तक जारी रहेगा,ऐसे में संबंधित स्वास्थ्य समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए यह निःशुल्क विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने का महत्वपूर्ण अवसर है,प्रशासन की कोशिश है कि शिविर की अवधि में अधिक से अधिक मरीजों की पहचान, जांच और आवश्यक उपचार सुनिश्चित किया जा सके।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur