Breaking News

अंबिकापुर@ बोल्डर डालकर सड़क सुधारने पर भडके सामाजिक कार्यकर्ता,किया प्रदर्शन

Share


-संवाददाता-
अंबिकापुर,22 अगस्त 2026 (घटती-घटना)।
भारत माता चौक से दरिमा मोड़ तक राष्ट्रीय राजमार्ग की बदहाली के खिलाफ शनिवार को सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बीच सडक पर बैठकर प्रदर्शन किया। गड्ढों में बड़े-बड़े बोल्डर डालकर की गई मरम्मत से नाराज प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सडक सुधारने के बजाय विभाग ने दोपहिया वाहन चालकों के लिए खतरा बढ़ा दिया है। इस दौरान सरगुजा सांसद सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नारेबाजी भी की गई। सामाजिक कार्यकर्ता सूजन बिंद,त्रिभुवन सिंह, सुरेश राम बुनकर,राजमणि चौबे,अंकुर सिन्हा सहित अन्य लोग प्रदर्शन में शामिल हुए। सूचना पर तहसीलदार मौके पर पहुंचे और आंदोलनकारियों से चर्चा की। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के जिम्मेदार अधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग की। इसके बाद विभाग के एसडीओ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को सुधार कार्य की जानकारी दी। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि भारत माता चौक से दरिमा मोड़ तक सडक पहले से ही गड्ढों और कीचड़ के कारण बदहाल है। विभाग ने गड्ढों को भरने के लिए बड़े बोल्डर डाल दिए हैं। बारिश के कारण कई जगह बोल्डरों के बीच पानी भर गया है, जिससे सडक पर वाहन चलाना मुश्किल हो गया है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए बोल्डर दुर्घटना का कारण बन रहे हैं। बताया गया कि पिछले दिनों एक मंत्री का वाहन इसी मार्ग के गड्ढे में फंस गया था। इसके बाद विभाग ने आनन-फानन में गड्ढों में बोल्डर डालकर मरम्मत शुरू की। हालांकि, इसके बाद सडक की स्थिति और खराब होने का आरोप लगाते हुए सामाजिक कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। एनएच विभाग के एसडीओ ने प्रदर्शनकारियों को बताया कि सडक पर सुधार कार्य जारी है। बोल्डरों के ऊपर छोटी गिट्टी डालकर तीन से चार दिन में समतलीकरण कराया जाएगा। इससे आवागमन की समस्या कम होगी। अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त किया गया।


Share

Check Also

सूरजपुर@ कलेक्टर रेना जमील के मार्गदर्शन में दूर-दराज के मरीजों को मिल रही निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा

Share विश्रामपुर रेलवे स्टेशन पर 16 अगस्त से 5 सितंबर तक लाइफलाइन एक्सप्रेस का शिविर,विशेषज्ञ …

Leave a Reply