Breaking News

अंबिकापुर/सीतापुर@एक करोड़ की ज्वेलरी उठाईगिरी में ओडिशा से आरोपी गिरफ्तार

Share


सीतापुर के ज्वेलर्स से बैग लेकर भागे थे चार बदमाश,43 लाख के सोने और 3 लाख की चांदी के आभूषण पहले ही बरामद,आरोपी से 10 हजार रुपए नकद जब्त

-संवाददाता-
अंबिकापुर/सीतापुर,22 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। सीतापुर में ज्वेलर्स कारोबारी से करीब एक करोड़ रुपए के सोने-चांदी के आभूषण से भरा बैग पार करने वाले गिरोह के एक आरोपी को सरगुजा पुलिस ने ओडिशा के गंजाम जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दास नागेश्वर (45),निवासी नारायणपुर,थाना आस्का,जिला गंजाम, ओडिशा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 10 हजार रुपए नकद जब्त किए हैं। मामले में पूर्व में एक आरोपी के घर से करीब 46 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए जा चुके हैं।
स्कूटी से बैग उठाकर भागे थे : घटना 26 जुलाई 2026 की है। सीतापुर निवासी अरुणदेव सोनी ने पुलिस को बताया था कि हाईस्कूल सीतापुर के पास उनकी कांशी विश्वनाथ ज्वेलर्स दुकान है। सुबह करीब 11ः30 बजे वे स्कूटी में ज्वेलरी का बैग रखकर दुकान खोलने पहुंचे थे। स्कूटी के पास बैग रखकर शटर खोलने के दौरान अज्ञात व्यक्ति बैग उठाकर फरार हो गया। बैग में करीब एक करोड़ रुपए कीमत के सोने-चांदी के आभूषण थे। रिपोर्ट पर सीतापुर थाने में अपराध क्रमांक 296/2026,धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
500 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले : मामले की गंभीरता को देखते हुए आईजी सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा के मार्गदर्शन और डीआईजी/एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देशन में साइबर सेल और सीतापुर पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई। टीम ने घटनास्थल और संभावित मार्गों के करीब 500 सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार संदिग्ध बैग लेकर भागते दिखाई दिए। पुलिस ने सीसीटीवी के जरिए उनका रूट ट्रेस करते हुए सरगुजा के गेरसा से लेकर जशपुर के कांसाबेल,कुनकुरी,सिंगीबहार,झारखंड के कुरडेग,खैरनटोली,सिमडेगा और ओडिशा के सुंदरगढ़ सहित कई स्थानों के फुटेज खंगाले।
ओडिशा में 10 दिन चला सर्च ऑपरेशन : तकनीकी विश्लेषण और अलग-अलग राज्यों की पुलिस से समन्वय के बाद संदिग्धों की पहचान चंटी दास निवासी सोर्डा,गंजाम और दास नागेश्वर निवासी नारायणपुर,गंजाम के रूप में हुई। साइबर सेल और सीतापुर पुलिस की टीम ने ओडिशा पुलिस के सहयोग से आरोपियों के संभावित ठिकानों पर करीब 10 दिनों तक लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया। इसी दौरान चंटी दास के घर से करीब 300.92 ग्राम सोने के आभूषण,कीमत लगभग 43 लाख रुपए, तथा 1.168 किलो चांदी के आभूषण, कीमत करीब 3 लाख रुपए बरामद किए गए। बरामद आभूषणों की कुल कीमत करीब 46 लाख रुपए बताई गई है।
गंजाम से पकड़ा गया दूसरा आरोपी : लगातार दबिश के दौरान पुलिस ने गंजाम जिले से दास नागेश्वर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपी ने अन्य साथियों के साथ मिलकर संगठित गिरोह बनाकर उठाईगिरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद प्रकरण में धारा 111(2) और 3(5) बीएनएस जोड़ी गई। आरोपी के कब्जे से 10 हजार रुपए नकद जब्त किए गए हैं।
पहले से दर्ज हैं तीन अपराध
पुलिस के अनुसार दास नागेश्वर का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। वर्ष 2021 में उसके खिलाफ ओडिशा के आस्का थाने में आबकारी एक्ट के तहत मामला, चिंडीपाड़ा थाने में चोरी का अपराध और लूट से संबंधित एक अन्य प्रकरण दर्ज पाया गया है। पुलिस ने उसे आदतन अपराधी प्रवृत्ति का बताया है।
तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी
मामले में शामिल अन्य आरोपी घटना के बाद से फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और अन्य राज्यों की पुलिस से समन्वय के आधार पर फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी एएसआई अजीत मिश्रा,प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान,विकास सिन्हा,आरक्षक मनीष सिंह,अनुज जायसवाल,अमन पुरी तथा सीतापुर थाने से एएसआई डेविड मिंज,प्रधान आरक्षक तीजराम पैंकरा और आरक्षक निर्मल तिग्गा की सक्रिय भूमिका रही।


Share

Check Also

सूरजपुर@ कलेक्टर रेना जमील के मार्गदर्शन में दूर-दराज के मरीजों को मिल रही निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा

Share विश्रामपुर रेलवे स्टेशन पर 16 अगस्त से 5 सितंबर तक लाइफलाइन एक्सप्रेस का शिविर,विशेषज्ञ …

Leave a Reply