Breaking News

गरियाबंद@गरियाबंद में 2005-07 की शिक्षाकर्मी भर्ती फिर सवालों के घेरे में

Share


111 संदिग्ध नामों की सूची सामने,नए कलेक्टर से कार्रवाई की उम्मीद

गरियाबंद,22 अगस्त 2026। मैनपुर जनपद पंचायत में वर्ष 2005 से 2007 के बीच हुई शिक्षाकर्मी भर्ती का करीब दो दशक पुराना मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। भर्ती प्रक्रिया से जुड़े दस्तावेजों में कथित अनियमितताओं को लेकर 111 नामों वाली एक सूची सामने आने के बाद मामले में जांच और कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। अब लोगों की नजरें गरियाबंद के नवनियुक्त कलेक्टर रणबीर शर्मा पर टिकी हैं।
अब नए कलेक्टर से उम्मीद : बताया जा रहा है कि इस भर्ती मामले में पूर्व में भी कई स्तरों पर जांच हो चुकी है। जांच के दौरान कुछ शिक्षाकर्मियों के दस्तावेजों को लेकर आपत्तियां सामने आने और कार्रवाई किए जाने की बात कही जाती रही है। जुलाई 2026 में भी संबंधित शिक्षकों की अद्यतन सूची और दस्तावेजों से जुड़ी जानकारी मांगे जाने की चर्चा सामने आई थी।
111 नामों की सूची से फिर उठे सवाल : मामले में सामने आई 111 नामों की सूची में अलग-अलग अभ्यर्थियों के दस्तावेजों को लेकर विभिन्न प्रकार की आपत्तियों का उल्लेख होने की बात सामने आई है। इनमें अंकसूची, अनुभव प्रमाण-पत्र,बीएड-डीएड प्रमाण-पत्र,खेलकूद प्रमाण-पत्र, विकलांगता प्रमाण-पत्र सहित अन्य दस्तावेज शामिल बताए जा रहे हैं। कुछ मामलों में अंकसूची संदिग्ध बताए जाने,कहीं अनुभव प्रमाण-पत्र की जांच की आवश्यकता और कुछ मामलों में दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराने जैसी टिप्पणियां दर्ज होने की बात कही जा रही है। हालांकि,केवल किसी सूची में नाम दर्ज होना किसी व्यक्ति को दोषी साबित नहीं करता। संबंधित दस्तावेजों का मूल रिकॉर्ड से सत्यापन और सक्षम स्तर पर विधिवत जांच के बाद ही किसी व्यक्ति की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकती है।
वर्षों से जांच के बावजूद कार्रवाई पर सवाल : इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि यदि भर्ती प्रक्रिया को लेकर वर्षों से शिकायतें और जांच चलती रही हैं, तो अब तक इसका अंतिम समाधान क्यों नहीं हो सका। शिकायतकर्ता पक्ष का कहना है कि समय-समय पर संबंधित विभागों और अधिकारियों से दस्तावेज तथा जांच रिपोर्ट मांगी जाती रही, लेकिन मामले में अपेक्षित कार्रवाई पूरी नहीं हो सकी। यही वजह है कि अब नए प्रशासन से मामले को नए सिरे से गंभीरता से देखने की उम्मीद जताई जा रही है।
नए कलेक्टर के सामने पुरानी फाइल की चुनौती : छत्तीसगढ़ शासन के 18 अगस्त 2026 के प्रशासनिक फेरबदल के बाद रणबीर शर्मा को गरियाबंद का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया। उन्होंने 21 अगस्त को गरियाबंद कलेक्टर के रूप में पदभार ग्रहण किया। ऐसे में मैनपुर की वर्ष 2005-07 की शिक्षाकर्मी भर्ती का मामला नए कलेक्टर के सामने एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक चुनौती के रूप में देखा जा रहा है।
सवाल यह है कि क्या जिला प्रशासन पुरानी जांच रिपोर्टों और दस्तावेजों की समीक्षा कर प्रत्येक मामले की वास्तविक स्थिति सामने लाएगा।


Share

Check Also

अंबिकापुर/रायपुर@ पदोन्नति से पोस्टिंग और विवाद से कोर्ट तक मिश्रा जी का विभागीय नेटवर्क कितना गहरा?

Share विभाग में मिश्रा जी की ‘पहुंच’ की चर्चा…कर्मचारी बोले…विवाद भी इनके…समाधान भी इनका… ‘फूट …

Leave a Reply