-संवाददाता-
सूरजपुर,21 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) के आह्वान पर केंद्र सरकार की श्रम नीतियों के विरोध में देशव्यापी आंदोलन के तहत सूरजपुर जिला मुख्यालय में श्रमिक संगठनों ने धरना-प्रदर्शन कर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। कोल फेडरेशन के राष्ट्रीय महामंत्री सुजीत सिंह के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन के बाद श्रमिकों ने विशाल रैली निकाली और गगनभेदी नारों के साथ प्रधानमंत्री के नाम कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान श्रमिक संगठनों ने श्रम कानूनों में श्रमिक विरोधी प्रावधानों को हटाने सहित कई मांगों को प्रमुखता से उठाया,आंदोलनकारियों ने स्कीम कर्मियों के मानदेय में वृद्धि,ग्रेच्युटी की अधिकतम सीमा को 20 लाख से बढ़ाकर 40 लाख रुपये करने तथा संविदा कर्मचारियों के लिए समान काम के समान वेतन लागू करने की मांग की,इसके अलावा ईएसआईसी के लिए वेतन सीमा को 21 हजार से बढ़ाकर 42 हजार रुपये करने, बोनस की गणना के लिए अधिकतम वेतन सीमा को 7 हजार से बढ़ाकर 18 हजार रुपये करने तथा न्यूनतम ईपीएफ वेतन सीमा को 15 हजार से बढ़ाकर 30 हजार रुपये किए जाने की मांग रखी गई, श्रमिक संगठनों ने पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने तथा बोनस पात्रता वेतन की सीमा को 21 हजार से बढ़ाकर 42 हजार रुपये करने की मांग भी ज्ञापन के माध्यम से केंद्र सरकार तक पहुंचाई,धरना प्रदर्शन के बाद श्रमिकों ने रैली निकालकर अपनी मांगों के समर्थन में नारे लगाए,प्रदर्शनकारियों का कहना था कि श्रमिकों की सामाजिक सुरक्षा, वेतन एवं सेवा शर्तों से जुड़े मुद्दों पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए,इस अवसर पर भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध विभिन्न अनुषांगिक संगठनों के महिला एवं पुरुष कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे,प्रदर्शनकारियों ने कहा कि श्रमिक हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर संगठन आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाता रहेगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur