Breaking News

अंबिकापुर@पारिवारिक विवाद में माता-पिता की टांगी से हत्या,दोनों शव बोरे में बांधकर फरार हुआ बेटा

Share


धौरपुर के सपड़ा में सनसनीखेज दोहरा हत्याकांड का खुलासा…आरोपी जदू यादव गिरफ्तार,वारदात में प्रयुक्त टांगी और कपड़े जब्त

-संवाददाता-
अंबिकापुर,21 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा जिले के धौरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सपड़ा में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आपसी पारिवारिक विवाद के बाद आरोपी जदू यादव ने अपने माता-पिता की टांगी से गंभीर चोट पहुंचाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद दोनों शवों को प्लास्टिक के बोरे में रस्सी से बांधकर कमरे में छोड़कर आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त टांगी और घटना के दौरान पहने गए कपड़े जब्त किए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
कमरे में बोरे में बंधे मिले माता-पिता के शव : पुलिस के अनुसार 17 अगस्त 2026 की सुबह ग्राम सपड़ा से सूचना मिली कि हीराधर यादव और उनकी पत्नी गुलाबी यादव के शव घर के अंदर एक कमरे में पड़े हैं। सूचना मिलते ही एसडीओपी सीतापुर के नेतृत्व में पुलिस टीम और सीन ऑफ क्राइम यूनिट मौके पर पहुंची। शिकायतकर्ता मोहन यादव ने पुलिस को बताया कि वह अपने परिवार के साथ पुराने घर से करीब 800 मीटर दूर अलग मकान में रहता था। उसके पिता हीराधर यादव, मां गुलाबी यादव और बड़ा भाई जदू यादव पुराने घर में रहते थे। 16 अगस्त की रात करीब 8ः30 बजे हीराधर यादव अपने बेटे मोहन के नए घर पहुंचे थे और बाद में वापस पुराने घर लौट गए।
दूध लेने पहुंचा बेटा,तो खुला खूनी राज : अगली सुबह मोहन यादव दूध लेने पुराने घर पहुंचा। घर के दरवाजे पर बाहर से सांकल लगी थी। माता-पिता और बड़ा भाई नजर नहीं आए तो उसने आसपास तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। घर के एक कमरे का दरवाजा बंद मिला। शक होने पर ताला तोड़कर अंदर देखा गया तो प्लास्टिक के बोरे में रस्सी से लिपटे माता-पिता के शव जमीन पर पड़े थे। आसपास खून भी पड़ा था। मौके पर पुलिस को उस स्थान पर ताजा गोबर से लिपाई के निशान और दीवार पर खून के छींटे भी मिले। वहीं आरोपी बड़ा बेटा जदू यादव मौके से गायब था। मामले में थाना धौरपुर में अपराध क्रमांक 52/2026, धारा 103(1), 238 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस की पूछताछ में सामने आई हत्या की वजह : मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने पुलिस टीम को आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी एवं एसडीओपी सीतापुर तुल सिंह पट्टावी के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी की लगातार तलाश कर रही थी। घटनास्थल की बारीकी से जांच और परिजनों एवं गवाहों के बयान के आधार पर पुलिस को आरोपी जदू यादव पर संदेह मजबूत हुआ। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने पारिवारिक विवाद के चलते टांगी से अपने माता-पिता की हत्या करने तथा दोनों शवों को प्लास्टिक बोरे में रस्सी से बांधकर कमरे में रखने की बात स्वीकार की।
टांगी और वारदात के समय पहने कपड़े जब्त : पुलिस ने आरोपी जदू यादव (36), पिता हीराधर यादव, निवासी सपड़ा परसापारा, थाना धौरपुर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त टांगी तथा घटना के दौरान पहने गए कपड़े जब्त किए गए। अपराध में आरोपी की संलिप्तता के साक्ष्य मिलने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इनकी रही कार्रवाई में अहम भूमिका : पूरी कार्रवाई में थाना धौरपुर के सहायक उप निरीक्षक राम धनी राम, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक विकास सिन्हा एवं बलबीर मिंज,महिला आरक्षक ज्योति पैकरा तथा आरक्षक पंकज देवांगन,अशोक यादव, हरी किशुन, देव सिंह, बसंत, अभिषेक एवं सुशील मिंज की सक्रिय भूमिका रही।


Share

Check Also

सूरजपुर @ बीएमएस के आह्वान पर श्रमिक हितों को लेकर सूरजपुर में जोरदार प्रदर्शन

Share -संवाददाता-सूरजपुर,21 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) के आह्वान पर केंद्र सरकार की …

Leave a Reply