Breaking News

अंबिकापुर@चरित्र शंका में पत्नी समेत दो की फावड़े से हत्या,आरोपी पति गिरफ्तार

Share


कमलेश्वरपुर के बिसरपानी में दोहरा हत्याकांड…वारदात के बाद फरार था आरोपी,पुलिस ने फावड़ा और घटना के समय पहने कपड़े किए जब्त

-संवाददाता-
अंबिकापुर,21 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा जिले के कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र में चरित्र शंका को लेकर हुए विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। आरोपी पति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और एक अन्य युवक पर फावड़े से हमला कर दोनों की हत्या कर दी। घटना के बाद फरार आरोपी को कमलेश्वरपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया,जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार घटना 17 अगस्त 2026 की शाम करीब 6 से 7 बजे ग्राम बिसरपानी दारापारा में हुई। घटना के दौरान तीनों लोग शराब के नशे में बताए गए हैं। विवाद के बाद आरोपी ने कथित रूप से फावड़े से दोनों पर हमला कर दिया।
आग तापते-तापते हुआ विवाद, फिर खूनी खेल : पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक बेंजे बड़ा (35), निवासी बिसरपानी चिखलापारा, मृतिका नईहारो मझवार (32) और उसके पति बाबुलाल मझवार (35) शराब के नशे में सोमारू मझवार के घर पहुंचे थे। तीनों आग ताप रहे थे। कुछ देर बाद उनके बीच विवाद शुरू हो गया और देखते ही देखते मारपीट होने लगी। विवाद बढ़ता देख सोमारू मझवार वहां से अपने दूसरे घर चला गया। अगले दिन 18 अगस्त की सुबह जब वह वापस आया तो घर के अंदर बेंजे बड़ा और नईहारो मझवार खून से लथपथ हालत में मृत पड़े मिले। दोनों के सिर, चेहरे और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। वहीं नईहारो का पति बाबुलाल मौके से फरार था।
चरित्र शंका बनी विवाद की वजह
पुलिस ने जांच के दौरान परिजनों,सूचक और गवाहों के बयान दर्ज किए। जांच में आरोपी बाबुलाल मझवार के खिलाफ दोनों हत्याओं से जुड़े साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने चरित्र शंका को लेकर हुए विवाद के बाद अपनी पत्नी नईहारो मझवार और बेंजे बड़ा पर फावड़े से हमला कर हत्या करने की बात स्वीकार की।
फावड़ा और वारदात के समय पहने कपड़े जब्त
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त फावड़ा और वारदात के दौरान आरोपी द्वारा पहने गए कपड़े जब्त किए हैं। आरोपी के विरुद्ध अपराध के पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। मामले में थाना कमलेश्वरपुर में अपराध क्रमांक 63/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है। इससे पहले दोनों मौतों के संबंध में मर्ग क्रमांक 38/26 एवं 39/26 दर्ज कर जांच की गई थी।
एसएसपी ने घटनास्थल पहुंचकर दिए थे निर्देश
दोहरा हत्याकांड सामने आने के बाद डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस टीम को मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी एवं एसडीओपी सीतापुर तुल सिंह पट्टावी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच आगे बढ़ाई और आरोपी को गिरफ्तार किया।


Share

Check Also

सूरजपुर @ बीएमएस के आह्वान पर श्रमिक हितों को लेकर सूरजपुर में जोरदार प्रदर्शन

Share -संवाददाता-सूरजपुर,21 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) के आह्वान पर केंद्र सरकार की …

Leave a Reply