- सीएसपी राहुल बंसल ने ऑनलाइन ठगी से बचाव के बताए तरीके,
- महिला थाना प्रभारी ने 1930 और ‘अभिव्यक्ति’ ऐप की दी जानकारी…
- ट्रैफिक प्रभारी ने हेलमेट-सीट बेल्ट को बताया सुरक्षा की पहली शर्त
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,21 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। मोबाइल और इंटरनेट की दुनिया में एक छोटी सी लापरवाही बैंक खाते से लेकर निजी जानकारी तक को खतरे में डाल सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए साइबर जागृति अभियान के तहत मोंटफोर्ट स्कूल अंबिकापुर में विद्यार्थियों के लिए साइबर सुरक्षा,महिला सुरक्षा और यातायात नियमों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 400 विद्यार्थियों ने हिस्सा लेकर सुरक्षित डिजिटल व्यवहार और सड़क सुरक्षा की जानकारी ली। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य ब्रदर एस. गेब्रियल,कोऑर्डिनेटर ममता तिवारी,संगीता पाण्डेय,सिस्टर निशा रानी एवं पूजा गुप्ता उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के कोऑर्डिनेटर नितिन कर्ष रहे, जबकि मंच संचालन मिस मनदीप भामरा ने किया।
अनजान कॉल और लिंक से रहें सावधान : नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर राहुल बंसल ने विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के तौर-तरीकों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल और ऑनलाइन लेन-देन के दौरान की गई छोटी सी गलती भी भारी पड़ सकती है। विद्यार्थियों को डिजिटल लेन-देन के दौरान सतर्क रहने और किसी अनजान व्यक्ति के साथ गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी गई। साथ ही संदिग्ध लिंक और सोशल मीडिया प्रोफाइल से सावधान रहने को कहा गया।
1930 पर करें तत्काल शिकायत : महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुनीता भारद्वाज ने साइबर और महिला सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में बताते हुए कहा कि साइबर ठगी होने पर बिना देर किए शिकायत करना जरूरी है। उन्होंने ‘जागरूकता की एक स्द्गद्यद्घद्बद्ग’ अभियान के तहत जागरूकता क्तक्र ष्टशस्रद्ग की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। इसके अलावा ‘अभिव्यक्ति’ ऐप की उपयोगिता और महिला सुरक्षा में उसकी भूमिका के बारे में भी बताया।
सड़क पर एक गलती पड़ सकती है भारी : कार्यक्रम में यातायात प्रभारी उप निरीक्षक विजय केवर्त ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्होंने हेलमेट और सीट बेल्ट के इस्तेमाल, यातायात संकेतों का पालन तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने की सलाह दी। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि यातायात नियम केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी और दूसरों की जिंदगी सुरक्षित रखने के लिए हैं।
पुलिस मितान और साइबर वॉलंटियर भी रहे मौजूद : कार्यक्रम में महिला थाना से महिला आरक्षक सविता मरावी, लोरेता एक्का एवं संगीता बड़ा सहित पुलिस मितान टीम और साइबर वॉलंटियर टीम से भार्गवी द्विवेदी, अतुल गुप्ता, विक्की गुप्ता एवं विकेश राजवाड़े उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा और यातायात नियमों से जुड़े सवाल पूछे। पुलिस अधिकारियों और साइबर जागरूकता टीम ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur