2 घंटे बाद खोला तो चल रही थी सांसें
बेमेतरा,21 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ पुलिस की कार्यशैली पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। बेमेतरा सिटी कोतवाली क्षेत्र के वार्ड नंबर 7 में पुलिस ने फंदे पर लटकी महिला को बिना जांचे मृत समझ लिया और कमरे में ताला लगाकर थाने चली गई। करीब 2 घंटे बाद जब पुलिस दोबारा पहुंची और ताला खोला तो महिला जिंदा मिली,सांसें चल रही थीं। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। महिला को तुरंत अस्पताल के आईएसयू में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। जानकारी के मुताबिक वार्ड नंबर 7 में महिला के फंदे पर लटके होने की सूचना पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर ठीक से जांच नहीं की और महिला को मृत मान लिया। इसके बाद कमरे को बंद कर ताला लगा दिया और टीम मर्ग की कार्रवाई के लिए थाने चली गई। करीब 2 घंटे बाद पुलिस टीम दोबारा मौके पर पहुंची। जब ताला खोला गया तो महिला जिंदा मिली। सांसें चल रही थीं। तुरंत उसे अस्पताल ले जाया गया। महिला के जिंदा मिलने के बाद पुलिस ने आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए आईएसयू में भर्ती किया है। डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने महिला को ठीक से जांचे बिना ही मृत मान लिया और ताला लगा दिया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur