ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय राजपुर में श्रद्धांजलि सभा; आधुनिक भारत के निर्माण में पूर्व प्रधानमंत्री के योगदान को किया याद
राजपुर/बलरामपुर-रामानुजगंज ,20 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर बुधवार को राजपुर स्थित ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम को ‘सद्भावना दिवस’ के रूप में मनाते हुए कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।
आधुनिक भारत की नींव मजबूत करने में योगदान को किया याद
श्रद्धांजलि सभा में पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी एवं उपाध्यक्ष लालसाय मिंज ने राजीव गांधी के व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि राजीव गांधी ने देश को नई सोच, आधुनिक तकनीक और विकास की नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके कार्यकाल में आधुनिक तकनीक, संचार और शिक्षा के क्षेत्र में किए गए प्रयासों ने देश को बदलते दौर के साथ आगे बढ़ाने की नींव तैयार की। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी का सपना एक मजबूत, आधुनिक, शिक्षित और आत्मनिर्भर भारत का था। देश के युवाओं को आगे बढ़ाने और तकनीकी रूप से सक्षम भारत बनाने की उनकी सोच आज भी प्रासंगिक है।
विचारों को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राजीव गांधी का जीवन और उनकी दूरदर्शी सोच कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। देश की एकता, सद्भाव और विकास के लिए उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘राजीव गांधी अमर रहें’, ‘भारत माता की जय’ और ‘कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद’ के नारे लगाए। साथ ही राजीव गांधी के विचारों और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय समर्थक उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur