Breaking News

शंकरगढ़@स्कूल छुट्टी के समय शंकरगढ़ की सड़कें बन रहीं ‘खतरे का कॉरिडोर’,आदेश के बाद भी भारी वाहनों पर रोक नहीं

Share

-संवाददाता-
शंकरगढ़,20 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। विकासखंड मुख्यालय शंकरगढ़ में स्कूलों की छुट्टी का समय अब बच्चों के लिए सुरक्षित घर लौटने के बजाय जाम और हादसे के खतरे से जूझने का समय बनता जा रहा है। रोजाना दोपहर करीब 4 से 4ः30 बजे के बीच स्कूलों की छुट्टी होने पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं सड़क पर निकलते हैं। इसी दौरान भारी और तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही से बस स्टैंड और अटल चौक के आसपास यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है। सबसे गंभीर बात यह है कि बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी , शंकरगढ़ ने 22 जुलाई 2026 को थाना प्रभारी शंकरगढ़ को लिखित पत्र भेजकर स्कूल छुट्टी के समय भारी एवं तेज रफ्तार वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाने का अनुरोध किया था। पत्र में शाम 4 से 4ः30 बजे तक विशेष रूप से भारी एवं तेज रफ्तार वाहनों को प्रतिबंधित करने और यातायात व्यवस्था सुचारू कराने की बात कही गई थी। विकासखंड शिक्षा अधिकारी के पत्र के बावजूद स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल छुट्टी के समय यातायात व्यवस्था में अब तक कोई प्रभावी बदलाव नजर नहीं आ रहा है। बस स्टैंड और अटल चौक के आसपास एक साथ भारी वाहन, दोपहिया वाहन और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की मौजूदगी से जाम की स्थिति बन जाती है। ऐसे समय में छोटे बच्चों को सड़क पार करने के लिए वाहनों के बीच से निकलना पड़ता है। भारी वाहनों की आवाजाही और तेज रफ्तार के बीच एक छोटी सी चूक भी बड़े हादसे में बदल सकती है। मामला केवल यातायात जाम का नहीं, बल्कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा का है। जब शिक्षा विभाग स्वयं पुलिस को पत्र लिखकर स्कूल छुट्टी के समय भारी वाहनों पर रोक लगाने की मांग कर चुका है,तो फिर उसी समय सड़क पर व्यवस्था संभालने के लिए जिम्मेदार अमला नजर क्यों नहीं आता?


Share

Check Also

सूरजपुर/भैयाथान@ धान खरीदी में 3559 क्विंटल कमी के बाद भी ‘मेहरबानी’ जारी,फिर मिली खरीदी प्रभारी की जिम्मेदारी और आगे फिर जिम्मेदारी मिलने की संभावना

Share 2020-21 में सेवा समाप्ति, 2024-25 व 2025-26 में फिर जिम्मेदारी,2025-26 में करीब 13 हजार …

Leave a Reply