रविशंकर नायक की उम्मीदवारी पर दूसरे गुट ने जताई आपत्ति,जिलाध्यक्ष समेत वरिष्ठ नेताओं ने संभाला मामला
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,20 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। यूथ कांग्रेस चुनाव से पहले कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी एक बार फिर खुलकर सामने आ गई। सोमवार को राजीव भवन में यूथ कांग्रेस चुनाव की प्रक्रिया के दौरान अध्यक्ष पद के प्रत्याशी को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के दो गुट आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच जमकर गहमागहमी हुई।
विवाद बढऩे पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को हस्तक्षेप करना पड़ा। जानकारी के अनुसार यूथ कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए रविशंकर नायक को उम्मीदवार बनाए जाने पर दूसरे गुट के कार्यकर्ताओं ने आपत्ति जताई। उनका आरोप है कि रविशंकर नायक को भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा में पदाधिकारी बनाया गया था। ऐसे में कांग्रेस की ओर से उन्हें यूथ कांग्रेस अध्यक्ष पद का प्रत्याशी बनाए जाने पर सवाल उठाए गए। वहीं रविशंकर नायक ने भाजपा में शामिल होने से इनकार किया है। उनका कहना है कि वे कभी भाजपा में शामिल नहीं हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के लोगों ने गलतफहमी के कारण उनका नाम अनुसूचित जाति मोर्चा से जोडकर प्रचारित किया है। उन्होंने भाजपा में पदाधिकारी बनाए जाने की बात से भी इनकार किया। इसी मुद्दे को लेकर चुनाव प्रक्रिया के दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बन गई। राजीव भवन में काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल रहा।
जिलाध्यक्ष ने दोनों पक्षों को समझाया : विवाद की जानकारी मिलते ही कांग्रेस जिला अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता राजीव भवन पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं से बातचीत कर मामला शांत कराया। इसके बाद चुनाव प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।
यूथ कांग्रेस ने भाजपा पर लगाए आरोप : यूथ कांग्रेस के अनुराग सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा के एक पदाधिकारी को यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष का चुनाव लड़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संबंधित व्यक्ति ने अब तक भाजपा से इस्तीफा भी नहीं दिया है। इस मामले को लेकर पार्टी के भीतर सवाल उठ रहे हैं। यूथ कांग्रेस चुनाव से ठीक पहले सामने आए इस विवाद ने कांग्रेस के भीतर चल रही गुटबाजी को फिर चर्चा में ला दिया है। अब चुनाव प्रक्रिया को लेकर पार्टी के सामने आपसी विवाद को नियंत्रित रखने की चुनौती है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur