Breaking News

रायपुर@ छत्तीसगढ़ विद्युत कंपनी में पदोन्नति कोटा घटाने पर अभियंताओं में आक्रोश, 21 को गेट मीटिंग

Share


कनिष्ठ अभियंताओं की विभागीय पदोन्नति का कोटा 70 से घटाकर 40त्न करने का विरोध; संघ ने कहा- आश्वासन नहीं, अब ठोस निर्णय चाहिए
रायपुर,19 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल पत्रोपाधि अभियंता संघ ने अभियंताओं और कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर प्रबंधन के खिलाफ आंदोलन का ऐलान किया है। संघ की ओर से 21 अगस्त को शाम 5 बजे डंगनिया मुख्यालय के मुख्य गेट पर गेट मीटिंग आयोजित की जाएगी। इसमें बड़ी संख्या में अभियंताओं और कर्मचारियों के शामिल होने की संभावना है।
संघ का सबसे बड़ा विरोध कनिष्ठ अभियंता से सहायक अभियंता पद पर विभागीय पदोन्नति का कोटा 70 प्रतिशत से घटाकर 40 प्रतिशत किए जाने को लेकर है। संघ ने इसे अभियंताओं के हितों पर कुठाराघात बताते हुए पूर्व निर्धारित 70 प्रतिशत विभागीय पदोन्नति कोटा तत्काल बहाल करने की मांग की है।
पदोन्नति के अवसर सीमित होने से बढ़ी नाराजगी
संघ का कहना है कि विद्युत कंपनी के सुचारू संचालन में अभियंताओं और कर्मचारियों की अहम भूमिका है। मैदानी स्तर पर तकनीकी कर्मचारियों की कमी के बावजूद अभियंताओं से लगातार अतिरिक्त जिम्मेदारियां ली जा रही हैं। इसके विपरीत पदोन्नति और विभागीय अवसरों को सीमित किया जा रहा है।
संघ के मुताबिक यदि पदोन्नति के अवसर इसी तरह सीमित रहे तो वर्तमान में कार्यरत कई कनिष्ठ अभियंता पूरे सेवाकाल में इसी पद पर रहते हुए सेवानिवृत्त होने की स्थिति में पहुंच सकते हैं। इससे अभियंताओं में असंतोष बढ़ रहा है।
दीपक निकुंज बोले- अब आश्वासन से काम नहीं चलेगा
संघ के प्रांतीय महासचिव इंजी. दीपक कुमार निकुंज ने कहा कि संघ को पूर्व में भी कई बार आश्वासन दिए गए, लेकिन उनके अनुरूप ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा। अभियंताओं को उनके उचित पदोन्नति अवसर, अधिकार और सम्मान मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि विद्युत व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और कंपनी के विकास में अभियंताओं एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान है। ऐसे में उनके कैरियर अवसरों को सीमित करना उचित नहीं है। प्रबंधन को कर्मचारियों की भावनाओं को समझते हुए लंबित मांगों का समयबद्ध निराकरण करना चाहिए।
मांगें नहीं मानी तो चरणबद्ध आंदोलन
संघ ने स्पष्ट किया है कि आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि अभियंताओं, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों के हित एवं अधिकारों के लिए है। प्रबंधन ने यदि मांगों पर सकारात्मक और ठोस पहल नहीं की तो संघ लोकतांत्रिक एवं चरणबद्ध आंदोलन को आगे बढ़ाएगा।
संघ ने सभी पदाधिकारियों और सदस्यों से 21 अगस्त की गेट मीटिंग में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर एकजुटता प्रदर्शित करने की अपील की है।


Share

Check Also

लखनपुर@दो माह में हुआ जर्जर… विधायक मद से बना पुलिया

Share -संवाददाता-लखनपुर,19 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। लुंड्रा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत बिनिया में विधायक मद …

Leave a Reply