
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,19 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। एनएसयूआई के छात्र संवाद कार्यक्रम के तहत पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने बुधवार को होलीक्रॉस स्कूल के सभाकक्ष में छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने जेन-जी के जंतर-मंतर आंदोलन, छत्तीसगढ़ में शिक्षा-स्वास्थ्य व्यवस्था, आधारभूत सुविधाओं और अंबिकापुर की सडकों से जुड़े सवाल पूछे। छात्रों ने सिंहदेव से उनकी निजी रुचियों को लेकर भी सवाल किए। सरगुजा एनएसयूआई ने जेन-जी और जेन-अल्फा के विचारों और उनकी मांगों को समझने तथा उनका प्रतिनिधित्व करने के उद्देश्य से यह संवाद श्रृंखला शुरू की है। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम पूरी तरह गैरराजनीतिक रखा गया है। इसकी पहली कड़ी में 30 जुलाई को सिंहदेव ने माउंट लिटेरा स्कूल के विद्यार्थियों से संवाद किया था। छात्रों ने जेन-जी के जंतर-मंतर आंदोलन को लेकर भी सिंहदेव से सवाल किया। उन्होंने कहा कि जेन-जी और जेन-अल्फा का अपनी मांगों को लेकर सडक पर उतरना तकलीफदेह है। सरकार को युवाओं की समस्याओं को समझने के लिए उनसे सार्थक संवाद करना चाहिए और उनकी जायज मांगों को पूरा करने की दिशा में काम करना चाहिए। सिंहदेव ने कहा कि अच्छी शिक्षा का उद्देश्य केवल नौकरी हासिल करना नहीं है,बल्कि विद्यार्थियों को भविष्य का अच्छा नागरिक बनाना भी है। छात्रों ने सिंहदेव से उनकी साहित्यिक रुचियों और ऑस्ट्रेलिया में स्काईडाइविंग के अनुभव को लेकर भी सवाल पूछे। साहित्य पढऩे के सवाल पर उन्होंने बताया कि उन्हें हल्के दार्शनिक विषयों वाला लेखन पसंद है। वे स्वामी विवेकानंद से संबंधित साहित्य का गहराई से अध्ययन करते हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक व्यक्ति होने के कारण आम लोगों से नियमित संवाद में दिनचर्या का अधिकांश समय चला जाता है, इसलिए साहित्य पढऩे के लिए सीमित समय मिलता है। सूचनाओं के लिए वे आजकल यू-ट्यूब का भी अधिक उपयोग करते हैं। एनएसयूआई जिलाध्यक्ष आशीष जायसवाल ने बताया कि छात्र संवाद की यह श्रृंखला स्कूलों के साथ महाविद्यालयों में भी आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम में होलीक्रॉस स्कूल प्रबंधन के अलावा सतीश बारी, अंकित जायसवाल, ऋषिकेश मिश्रा और धीरज गुप्ता मौजूद रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur