रात्रि गश्त के दौरान मवेशियों को सड़क से हटाने की पहल हादसों पर लगाम के साथ शराबी वाहन चालकों पर भी नजर
-राजेन्द्र शर्मा-
खड़गवां,19 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। सड़क पर बैठे आवारा मवेशी और तेज रफ्तार वाहन ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में शामिल हैं, विशेषकर रात के समय सड़कों पर बैठे पशु वाहन चालकों को दिखाई नहीं देने के कारण अचानक दुर्घटना की स्थिति बन जाती है,इसे देखते हुए खड़गवां थाना प्रभारी द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष पहल शुरू की गई है, पुलिस टीम रात्रि गश्त के दौरान कानून-व्यवस्था पर नजर रखने के साथ-साथ सड़कों पर बैठे और घूम रहे मवेशियों को भी सुरक्षित तरीके से सड़क से हटाने का काम कर रही है। थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र के संवेदनशील मार्गों,मुख्य सड़कों और ग्रामीण इलाकों में नियमित रात्रि गश्त कर रही है, गश्त के दौरान जहां भी सड़क पर पशु बैठे या घूमते हुए दिखाई देते हैं,पुलिसकर्मी उन्हें सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान की ओर पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं, पुलिस की इस पहल का उद्देश्य केवल यातायात व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि संभावित दुर्घटनाओं को पहले ही रोकना है।
रात के अंधेरे में मवेशी बनते हैं बड़ा खतरा- ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों पर रात के समय पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण सड़क पर बैठे मवेशी वाहन चालकों को दूर से दिखाई नहीं देते,अचानक सामने आने वाले पशुओं से वाहन चालक नियंत्रण खो सकता है, इसका सबसे अधिक खतरा दोपहिया वाहन चालकों को रहता है,कई बार पशु को बचाने के प्रयास में वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर जाते हैं अथवा सामने से आने वाले वाहन से टकराने की स्थिति बन जाती है,ऐसे में खड़गवां पुलिस द्वारा रात्रि गश्त के दौरान पशुओं को सड़क से हटाने की पहल को सड़क सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस की सक्रियता से ऐसे संभावित हादसों को रोकने का प्रयास किया जा रहा है।
शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी नजर- रात्रि गश्त के दौरान पुलिस की नजर शराब पीकर वाहन चलाने वाले और तेज रफ्तार में वाहन दौड़ाने वाले चालकों पर भी है,पुलिस की नियमित मौजूदगी से यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों में कार्रवाई का भय बना हुआ है,सड़क पर मवेशियों के साथ-साथ नशे में वाहन चलाना भी दुर्घटनाओं का बड़ा कारण है,ऐसे में पुलिस दोनों पहलुओं पर निगरानी रखकर सड़क सुरक्षा को मजबूत करने का प्रयास कर रही है।
थाना प्रभारी की पशुपालकों से अपील-थाना प्रभारी ने क्षेत्र के पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने मवेशियों को खुला न छोड़ें और उन्हें सड़क अथवा सड़क किनारे इस तरह न बांधें,जिससे आवागमन प्रभावित हो,उन्होंने कहा कि सड़क पर बैठे पशु किसी भी समय गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकते हैं,पशुपालकों की थोड़ी सी सावधानी कई लोगों की जान बचा सकती है,पुलिस ने वाहन चालकों से भी रात के समय विशेष सावधानी बरतने,निर्धारित गति से वाहन चलाने और शराब पीकर वाहन नहीं चलाने की अपील की है।
सड़क सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी-खड़गवां पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है,इसमें वाहन चालक,पशुपालक और आम नागरिक सभी की भूमिका महत्वपूर्ण है,यदि पशुपालक अपने पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखें और वाहन चालक यातायात नियमों का पालन करें तो सड़क दुर्घटनाओं को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
खड़गवां थाना प्रभारी की यह पहल पुलिस की जमीनी सक्रियता का उदाहरण बनती दिखाई दे रही है, रात्रि गश्त के साथ सड़क पर बैठे मवेशियों को हटाने और लापरवाह वाहन चालकों पर निगरानी से क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर सकारात्मक संदेश गया है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur