- बाल-बाल बचे मरीज और स्टाफ,जर्जर भवन में बारिश के बीच इलाज कराने मजबूर मरीज
- हर साल मरम्मत पर खर्च के बाद भी नहीं सुधरी स्थिति

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,19 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। पिछले तीन दिन से हो रही मूसलाधार बारिश ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है। अस्पताल की छत और दीवारों से पानी टपक रहा है। सबसे खराब स्थिति टीवी वार्ड की है,जहां छत से लगातार पानी टपकने के दौरान अचानक प्लास्टर का एक हिस्सा नीचे गिर गया। गनीमत रही कि इसकी चपेट में कोई मरीज या स्टाफ नर्स नहीं आया। प्लास्टर गिरने से वार्ड में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। टीवी वार्ड में कई जगहों से पानी टपक रहा है। इससे भर्ती मरीजों के बेड के आसपास पानी जमा हो रहा है। मरीजों को इसी परेशानी के बीच इलाज कराना पड़ रहा है। लगातार पानी टपकने से अस्पताल प्रबंधन के सामने भी वार्ड की व्यवस्था संभालने की चुनौती बनी हुई है।
अन्य वार्डों में भी टपक रहा पानी : मेडिकल कॉलेज अस्पताल का भवन काफी पुराना है और कई हिस्सों में छत व दीवारें जर्जर हो चुकी हैं। बारिश के दौरान स्थिति और खराब हो जाती है। अस्पताल के विभिन्न वार्डों सहित अन्य हिस्सों में भी छत और दीवारों से पानी टपकने की शिकायत सामने आती है। इससे मरीजों के साथ डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
हर साल मरम्मत,फिर भी समस्या बरकरार : बारिश के दौरान अस्पताल की छत से पानी टपकने की समस्या इस साल की नहीं है। हर वर्ष बारिश शुरू होते ही अस्पताल के कई हिस्सों में पानी रिसने लगता है। अस्पताल की मरम्मत के नाम पर हर साल लाखों रुपए खर्च किए जाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। ऐसे में मरीजों और उनके परिजनों को जर्जर भवन में बारिश के बीच इलाज कराने की मजबूरी बनी हुई है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur