गरियाबंद,19 अगस्त 2026। ‘ऑपरेशन निश्चय’ अभियान के तहत गरियाबंद पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जो फिल्म पुष्पा स्टाइल में गांजा की तस्करी कर रहे थे। ट्रक के टायर के अंदर से 70 लाख से ज्यादा का गांजा बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक, 19 अगस्त को थाना देवभोग पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक मेटाडोर में अवैध रूप से गांजा लेकर देवभोग की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर खुटगांव अंतरराज्यीय पुलिस चेक पोस्ट पर तैनात जवान संदिग्ध वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान मेटाडोर को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान मेटाडोर के छह टायरों के अंदर फिल्मी अंदाज में छिपाकर रखा गया 151.50 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत 75 लाख 50 हजार रुपए आंकी गई। पुलिस ने मौके से मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले के रोहित पांडेय और ओडिशा के कालाहांडी जिले के रमेश नायक को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से गांजा के अलावा करीब 20 लाख 25 हजार रुपये कीमत का मेटाडोर वाहन भी जब्त किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(द्बद्ब)(सी) और 27ए के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है। गरियाबंद पुलिस के अनुसार, ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत पिछले आठ महीनों में 44 प्रकरण दर्ज कर 86 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान कुल 10 क्विंटल 80 किलोग्राम यानी 1,080 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ 17 लाख रुपये है।
इसके अलावा गांजा तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे 32 वाहन भी जब्त किए गए हैं, जिनमें 18 दोपहिया और 14 चारपहिया वाहन शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गरियाबंद जिला कई राज्यों की सीमा से लगा होने के कारण तस्कर यहां से अवैध मादक पदार्थों की तस्करी का प्रयास करते हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur