नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित महोत्सव में एमसीबी सहित छत्तीसगढ़ के व्यापारियों की गरिमामयी सहभागिता
-संवाददाता-
मनेंद्रगढ़,18 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। देश के व्यापारिक एवं औद्योगिक क्षेत्र को नई दिशा देने तथा देशभर के व्यापारियों को एक मंच पर लाने के उद्देश्य से 14 एवं 15 अगस्त को भारत मंडपम, प्रगति मैदान, नई दिल्ली में भारतीय व्यापार महोत्सव का गरिमामय आयोजन किया गया, राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन में छत्तीसगढ़ के साथ-साथ मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के व्यापारिक प्रतिनिधियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता कर प्रदेश के व्यापारिक क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। कार्यक्रम में कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमर परवानी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ से जुड़े व्यापारियों एवं प्रतिनिधियों ने सहभागिता की,महोत्सव में देश के विभिन्न राज्यों से आए व्यापारी, उद्यमी और उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधि शामिल हुए, इस दौरान व्यापारिक गतिविधियों के विस्तार,आधुनिक तकनीक के उपयोग, डिजिटल प्लेटफॉर्म,ई-कॉमर्स तथा नए बाजारों की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया, भारतीय व्यापार महोत्सव का उद्देश्य देश के व्यापारिक समुदाय को एक सशक्त राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराना,स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहित करना तथा छोटे एवं मध्यम व्यापारियों के लिए नए कारोबारी अवसर उपलब्ध कराना रहा, आयोजन में डिजिटल भुगतान,लॉजिस्टिक्स,नवाचार,ई-कॉमर्स और बदलते कारोबारी परिवेश जैसे विषयों पर भी विशेष चर्चा हुई, व्यापारियों ने देश के विभिन्न हिस्सों से आए प्रतिनिधियों के साथ संवाद कर आपसी सहयोग और व्यापार विस्तार की संभावनाओं पर विचार साझा किए।
एमसीबी सहित छत्तीसगढ़ की सक्रिय भागीदारी- अमर परवानी के नेतृत्व में रघुनाथ पोद्दार,रफीक मेमन, शोएब अख्तर,मनीष अग्रहरि,प्रमोद सिंह,रवि गुप्ता,मोहम्मद सिराज,संदीप दुआ,कृति सोनी,माखन जायसवाल,अरविंद सराफ सहित अन्य व्यापारिक प्रतिनिधियों ने महोत्सव में छत्तीसगढ़ की सहभागिता दर्ज कराई,प्रतिनिधियों ने कहा कि इस तरह के राष्ट्रीय स्तर के आयोजन व्यापारियों को देश के बदलते कारोबारी परिवेश को समझने,नई तकनीकों से परिचित होने और विभिन्न राज्यों के व्यापारिक संगठनों के साथ संपर्क स्थापित करने का अवसर देते हैं, खासकर छोटे और मध्यम व्यापारियों के लिए ऐसे मंच नए बाजारों तक पहुंच बनाने और व्यापार को व्यापक स्तर पर ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं,प्रतिनिधियों ने महोत्सव के दौरान विभिन्न व्यापारिक संगठनों एवं उद्यमियों से संवाद करते हुए छत्तीसगढ़ में व्यापार की संभावनाओं, स्थानीय उत्पादों, बाजार विस्तार और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के अवसरों पर भी चर्चा की।
राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ की पहचान– भारतीय व्यापार महोत्सव में छत्तीसगढ़ की सक्रिय सहभागिता को प्रदेश के व्यापारिक समुदाय के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, प्रतिनिधियों ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के ऐसे आयोजनों में प्रदेश की भागीदारी से छत्तीसगढ़ के व्यापारियों को देश के अन्य हिस्सों के कारोबारियों से सीधे जुड़ने और नए व्यावसायिक अवसर तलाशने का अवसर मिलता है, प्रतिनिधियों ने आयोजन को व्यापार जगत के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि बदलते समय के साथ व्यापारियों को डिजिटल तकनीक, नए बाजारों और आधुनिक कारोबारी व्यवस्थाओं के अनुरूप स्वयं को तैयार करना होगा, भारतीय व्यापार महोत्सव ने इस दिशा में संवाद और संभावनाओं का एक महत्वपूर्ण मंच उपलब्ध कराया है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur