-संवाददाता-
अम्बिकापुर,18 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा सहित पूरे संभाग में पिछले दो दिनों से लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है। बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित है। अंबिकापुर में मंगलवार को सुबह 8.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक 46.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके साथ ही मानसून सीजन में अब तक कुल वर्षा का आंकड़ा 900 मिमी के पार पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम बंगाल-ओडिशा तट पर बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से प्रदेश में बारिश का दौर जारी है। इसके अगले दो दिनों तक सक्रिय रहने की संभावना है। इसके चलते सरगुजा संभाग सहित कई क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है। लगातार बारिश से क्षेत्र के नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। ग्रामीण और निचले इलाकों में पानी भरने की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग ने अगले एक-दो दिन बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है। लोगों को नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार 17 और 18 अगस्त को सरगुजा सहित कई क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा 19 अगस्त को भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur