रवि नायक ने भाजपा को लिखित आपत्ति दी,सोशल मीडिया से सूची हटाई लेकिन भूल सुधार की सूचना नहीं देने का आरोप
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,18 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा जिला कांग्रेस कमेटी के सक्रिय कार्यकर्ता रविशंकर नायक का नाम भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा की सूची में शामिल किए जाने का मामला सामने आया है। नायक वर्तमान में ग्राम करजी के कांग्रेस समर्थित उपसरपंच हैं। उनका आरोप है कि भाजपा में प्रवेश किए बिना ही उन्हें दरिमा मंडल अनुसूचित जाति मोर्चा में मंत्री का पद दे दिया गया। मामले को लेकर उन्होंने भाजपा के संबंधित पदाधिकारियों को लिखित आपत्ति भी दी है। नायक के अनुसार उन्हें एक दिन सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली कि उनका नाम भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा की दरिमा मंडल की सूची में शामिल है। सूची में अपना नाम और पद देखकर वे हैरान रह गए। उन्होंने बताया कि वे लंबे समय से कांग्रेस से जुड़े हैं और लुंड्रा विधानसभा क्षेत्र के करजी बूथ क्रमांक 169 में बूथ लेवल कार्यकर्ता के रूप में भी सक्रिय हैं। पूर्व में वे ग्राम करजी के युवा मितान क्लब के कोषाध्यक्ष रह चुके हैं। रविशंकर नायक ने मामले को लेकर भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष महेंद्र रवि और दरिमा मंडल अध्यक्ष को लिखित आपत्ति दी। इसके बाद भाजपा ने सोशल मीडिया से संबंधित सूची हटा दी, लेकिन सूची में हुई गड़बड़ी को लेकर सार्वजनिक रूप से भूल सुधार की सूचना जारी नहीं की गई। नायक का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में सरगुजा जिला भाजपा अध्यक्ष से मई में मुलाकात कर भी जानकारी दी थी। वे मामले को स्पष्ट करने के लिए शपथपत्र देना चाहते थे, लेकिन उनका कहना है कि शपथपत्र लेने से इनकार कर दिया गया। उन्हें गलती सुधारने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक सुधार की स्थिति सार्वजनिक नहीं की गई है।
कांग्रेस ने प्रेसवार्ता कर उठाया सवाल : मामले को लेकर रविशंकर नायक ने कांग्रेस मीडिया सेल प्रभारी अनूप मेहता के साथ राजीव भवन में प्रेसवार्ता की। उन्होंने कहा कि उन्होंने भाजपा के छोटे-बड़े नेताओं से लेकर जिला अध्यक्ष तक से मामले में सुधार की मांग की,लेकिन सुनवाई नहीं होने पर उन्हें मीडिया के सामने आना पड़ा। नायक ने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि बिना भाजपा प्रवेश किए किसी व्यक्ति का नाम संगठन की सूची में शामिल किया जा सकता है तो यह भाजपा के संगठनात्मक कामकाज पर सवाल खड़ा करता है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा सरगुजा में अपने संगठन की वास्तविक स्थिति छिपाने के लिए दूसरे दलों के कार्यकर्ताओं के नाम का इस्तेमाल कर रही है।
हालांकि, भाजपा की ओर से इस आरोप पर फिलहाल कोई पक्ष सामने नहीं आया है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur