Breaking News

अम्बिकापुर @अंबिकापुर में नए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय भवन का भूमिपूजन

Share


हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस रमेश सिन्हा ने वर्चुअल माध्यम से किया भूमिपूजन व शिलान्यास
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,18 अगस्त 2026 (घटती-घटना)।
सरगुजा जिले में न्यायिक अधोसंरचना के विस्तार की दिशा में मंगलवार को महत्वपूर्ण पहल हुई। अंबिकापुर में प्रस्तावित नवीन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय भवन के निर्माण के लिए न्यायालय परिसर में भूमिपूजन एवं शिलान्यास समारोह आयोजित किया गया। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस रमेश सिन्हा ने वर्चुअल माध्यम से भवन का भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया। समारोह में हाईकोर्ट के जस्टिस पार्थ प्रतिम साहू तथा सरगुजा जिले के पोर्टफोलियो जज जस्टिस राजेश राय सहित प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश शक्ति सिंह राजपूत और न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान मुख्य न्यायाधीश जस्टिस रमेश सिन्हा ने नवीन न्यायालय भवन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि न्यायिक अधिकारी और कर्मचारी न्यायालय भवन को अपने घर की तरह समझें और न्यायिक कार्य को पूरी निष्ठा से करें। उन्होंने बताया कि जब वे पहली बार अंबिकापुर आए थे,तब जिला न्यायालय भवन की स्थिति देखकर ही उन्होंने नए भवन के निर्माण का संकल्प लिया था। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश शक्ति सिंह राजपूत ने मुख्य न्यायाधीश जस्टिस रमेश सिन्हा के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनके विशेष प्रयास और रुचि के कारण ही सरगुजा में नवीन जिला न्यायालय भवन के निर्माण का कार्य आगे बढ़ सका। समारोह के दौरान नवीन न्यायालय भवन के शिलालेख का वर्चुअल अनावरण भी किया गया।
इसके बाद विधि-विधान से भूमि पूजन संपन्न हुआ। नवीन भवन के निर्माण से न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ अधिवक्ताओं और पक्षकारों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है। समारोह में पुलिस महानिरीक्षक दीपक झा,कलेक्टर अजीत वसंत, पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल,जिला न्यायालय के न्यायिक अधिकारी, अधिवक्तागण एवं न्यायिक कर्मचारी उपस्थित रहे।
मुख्य न्यायाधीश जस्टिस रमेश सिन्हा ने अपने कार्यकाल में छत्तीसगढ़ की न्यायपालिका की अधोसंरचना में सुधार के लिए विशेष प्रयास किए हैं। नवीन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय भवन के निर्माण से सरगुजा क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही न्यायिक अधोसंरचना की मांग पूरी होने की उम्मीद है।


Share

Check Also

सूरजपुर@ अग्रवाल महिला मंडल ने धूमधाम से मनाया सावन उत्सव

Share सावन सुंदरी प्रतियोगिता बनी आकर्षण का केंद्र,आयुषी तायल चुनी गईं सावन सुंदरी 2026–संवाददाता-सूरजपुर,18 अगस्त …

Leave a Reply