….राज्य स्तरीय समारोह में सरगुजा की छात्राओं ने प्रथम स्थान प्राप्त कर बढ़ाया गौरव
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,17 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त 2026 को रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य राज्य स्तरीय समारोह में सरगुजा की छात्राओं ने संभाग का प्रतिनिधित्व करते हुए सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर प्रथम स्थान प्राप्त कर गौरव बढ़ाया। शासकीय कन्या शिक्षा परिसर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अम्बिकापुर एवं शासकीय कन्या क्रीड़ा परिसर अम्बिकापुर की 286 छात्राओं ने सरगुजा संभाग का प्रतिनिधित्व किया। छात्राओं ने अपनी प्रस्तुति में भारत की गौरवशाली स्वतंत्रता यात्रा, राष्ट्रप्रेम, एकता, विविधता और देश के प्रति समर्पण की भावना को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने की गौरवपूर्ण भावना को भी प्रस्तुति में शामिल किया गया। प्रस्तुति में स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के बलिदान से लेकर आधुनिक भारत की उपलब्धियों और युवा शक्ति के उत्साह को सजीव रूप दिया गया। छात्राओं की देशभक्ति,अनुशासन, ऊर्जा और उत्कृष्ट प्रस्तुति की दर्शकों ने करतल ध्वनि से सराहना की। समारोह में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली। विभिन्न सुरक्षा बलों एवं पुलिस की टुकडि़यों ने आकर्षक मार्चपास्ट तथा स्कूली विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इस उपलब्धि के लिए जिला शिक्षा अधिकारी सरगुजा डॉ. दिनेश कुमार झा के मार्गदर्शन में छात्राओं ने कठिन अभ्यास और अनुशासन के साथ तैयारी की। प्रस्तुति की कोरियोग्राफी श्रीमती अनुराधा श्रीवास्तव एवं श्री तुषार सरकार ने की। सरगुजा की 286 छात्राओं की इस उपलब्धि से विद्यालय, जिले और पूरे संभाग का गौरव बढ़ा है। शिक्षा विभाग ने छात्राओं, शिक्षकों एवं मार्गदर्शकों को इस सफलता के लिए बधाई दी है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur