Breaking News

अम्बिकापुर@ स्वतंत्रता दिवस समारोह में मॉन्टफोर्ट स्कूल का शानदार प्रदर्शन

Share


देशभक्ति और संस्कृति से सजी प्रस्तुति ने जीता दिल, सांस्कृतिक कार्यक्रम में हासिल किया द्वितीय स्थान
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,17 अगस्त 2026 (घटती-घटना)।
जिला प्रशासन द्वारा पीजी कॉलेज ग्राउंड अंबिकापुर में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में मॉन्टफोर्ट स्कूल के विद्यार्थियों ने शानदार एवं संदेशपरक सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। विद्यार्थियों की प्रभावशाली प्रस्तुति को निर्णायकों ने द्वितीय स्थान प्रदान किया। समारोह में मुख्य अतिथि श्री रामविचार नेताम ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर कलेक्टर, कमिश्नर,आईजी,एसपी सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मॉन्टफोर्ट स्कूल के विद्यार्थियों की प्रस्तुति में देशभक्ति,भारतीय संस्कृति, गौरवशाली परंपराओं, विविधता में एकता और सामाजिक जिम्मेदारी का सुंदर समन्वय देखने को मिला। अभिनय, नृत्य, संवाद, सामूहिक तालमेल और अनुशासन से सजी प्रस्तुति ने दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।
स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश : प्रस्तुति का विशेष आकर्षण स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़ा संदेश रहा। विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ की स्वच्छता के क्षेत्र में उपलब्धियों और अंबिकापुर की महत्वपूर्ण भूमिका को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करते हुए स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से यह संदेश भी दिया कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश की समृद्ध संस्कृति एवं परंपराओं का सम्मान करने, विविधता में एकता की भावना को मजबूत करने और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद करने का अवसर है।
विद्यालय में भी उत्साह से मनाया स्वतंत्रता दिवस : मॉन्टफोर्ट स्कूल परिसर में भी स्वतंत्रता दिवस गरिमापूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य ब्रदर एस. गैब्रियल ने ध्वजारोहण कर किया। इसके बाद शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने राष्ट्रगान प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर राष्ट्रीय पर्व के प्रति अपनी भावनाओं को अभिव्यक्त किया।
विद्यार्थियों की मेहनत और टीम भावना को मिली पहचान : सांस्कृतिक प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त करना विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता, अनुशासन, अथक परिश्रम और टीम भावना का परिणाम रहा। विद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों एवं मार्गदर्शक शिक्षकों को इस उपलब्धि पर बधाई दी। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ देश, समाज और संस्कृति के प्रति जिम्मेदार बनाने के उद्देश्य से ऐसे आयोजनों में निरंतर सहभागिता के लिए प्रोत्साहित किया जाता रहेगा। मॉन्टफोर्ट स्कूल परिवार ने भविष्य में भी राष्ट्रीय एवं सांस्कृतिक आयोजनों में इसी उत्साह और प्रतिबद्धता के साथ सहभागिता जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ तीन दिवसीय सद्भावना बैडमिंटन प्रतियोगिता में खिलाडि़यों ने दिखाया दमखम

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,17 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय …

Leave a Reply