जिला कांग्रेस ने संघ परिवार से जुड़े संगठन पर लगाया अस्पृश्यता के व्यवहार का आरोप…
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,14 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ उत्तराखंड के हल्द्वानी में कथित तौर पर हुए अपमानजनक व्यवहार के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने शुक्रवार को जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक के नेतृत्व में रैली निकाली। राजीव भवन से शुरू हुई रैली गांधी चौक पहुंची, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन और नारेबाजी कर घटना का विरोध जताया। कांग्रेस नेताओं के अनुसार, 8 अगस्त को हल्द्वानी में मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद संघ परिवार से जुड़े एक संगठन द्वारा रैली स्थल का कथित रूप से शुद्धिकरण किया गया और खड़गे को हिंदू विरोधी बताया गया। कांग्रेस का आरोप है कि इस घटना को लेकर खड़गे ने राज्यसभा में अपनी आपत्ति दर्ज कराते हुए इसे उनके दलित समुदाय से होने से जोड़कर देखा। राज्यसभा में मामला उठने के बाद सरकार की ओर से घटना की जांच की बात कही गई थी, लेकिन कांग्रेस के अनुसार अब तक इसका कोई परिणाम सामने नहीं आया है।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर आयोजित प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधी चौक स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष ‘रघुपति राघव राजा राम’ भजन का सामूहिक पाठ किया और सद्बुद्धि की प्रार्थना की। जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने आरोप लगाया कि संघ परिवार की मानसिकता दलित विरोधी है। उन्होंने केंद्र सरकार से घटना में शामिल तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि कार्रवाई नहीं होती है तो इससे सरकार की सहमति को लेकर सवाल खड़े होंगे। पूर्व कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि संघ परिवार की सोच में अस्पृश्यता की मानसिकता दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि आज तक कोई दलित या आदिवासी संघ परिवार के शीर्ष पद तक नहीं पहुंच पाया। उन्होंने खड़गे के कथित अपमान को पूरे दलित समाज का अपमान बताया।
प्रदर्शन में पीसीसी महामंत्री द्वितेंद्र मिश्रा, हेमंत सिन्हा, सत्येंद्र तिवारी, संजय विश्वकर्मा, मो. इस्लाम, इंद्रजीत सिंह धंजल, दुर्गेश गुप्ता, मदन जायसवाल, संजय सिंह, अशफाक अली, जमील खान, जीवन यादव, दीपक मिश्रा, मो. हसन, निमन राशि एक्का, चंद्रप्रकाश सिंह, रजनीश सिंह, सोहन जायसवाल, प्रमोद चौधरी, शुभम जायसवाल, आशीष जायसवाल, शिवप्रसाद अग्रहरि, अमित सिंह, मो. इमरान, विकास शर्मा, विकास केशरी, रोशन कन्नौजिया, दिलीप धर, गीता रजक, रूबी जैन, विवेक सिंह, सीपू सिंह, अंकित जायसवाल, बनाफर केरकेट्टा, अनिकेत जायसवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur