13 किमी दूर से मवेशियों को हांककर लाए ग्रामीण, बोले- सडक पर हादसे और खेतों में नुकसान से दोहरी मार
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,13 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। निराश्रित मवेशियों से परेशान ग्राम परसा-भकुरा के ग्रामीणों ने गुरुवार को अनोखे अंदाज में प्रशासन का ध्यान समस्या की ओर खींचा। अंबिकापुर-रामानुजगंज नेशनल हाइवे पर घूम रहे गाय-बैलों को ग्रामीण करीब 13 किलोमीटर दूर कलेक्टोरेट तक हांककर ले आए। इसके बाद सभी मवेशियों को कलेक्टोरेट परिसर में छोड़ दिया। ग्रामीणों का कहना है कि सडक पर बैठे मवेशियों से लगातार हादसे का खतरा बना हुआ है, वहीं खेतों में घुसकर ये फसल भी बर्बाद कर रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार परसा-भकुरा क्षेत्र से गुजरने वाली सडक पर बड़ी संख्या में निराश्रित गाय-बैल दिनभर बैठे रहते हैं। रात के समय सडक पर बैठे मवेशी वाहन चालकों को दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। कई बार बाइक, कार और भारी वाहनों के चालक इनसे टकराकर हादसे का शिकार हो चुके हैं। ग्रामीणों का कहना है कि समस्या केवल सडक तक सीमित नहीं है। निराश्रित मवेशी खेतों में पहुंचकर धान, मक्का समेत अन्य फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि शहर में पकड़े जाने वाले कुछ मवेशियों को रात के समय गांव की ओर छोड़ दिया जाता है, जिससे समस्या और बढ़ गई है। समस्या से परेशान ग्रामीणों ने सडक पर घूम रहे मवेशियों को एकत्र किया और उन्हें हांकते हुए कलेक्टोरेट पहुंच गए। परिसर में बड़ी संख्या में गाय-बैल पहुंचने से वहां मौजूद अधिकारी-कर्मचारी भी हैरान रह गए। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि मवेशियों को रखने के लिए उचित व्यवस्था की जाए, जहां उनके चारे और रहने का इंतजाम हो। ग्राम पंचायत परसा के पूर्व सरपंच ने कहा कि सडक पर मवेशियों के बैठे रहने से लगातार दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। प्रशासन को मवेशियों के साथ-साथ उन्हें खुला छोडऩे वाले पालकों पर भी कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur