Breaking News

अम्बिकापुर@सामान्य सभा में हंगामे को लेकर महिला कांग्रेस ने खोला मोर्चा

Share


महापौर पर विपक्षी पार्षदों से अमर्यादित व्यवहार का आरोप,निगम आयुक्त को सौंपा ज्ञापन,सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने और जांच की मांग…..


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,13 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। नगर निगम की सामान्य सभा में कथित अमर्यादित आचरण को लेकर सियासत गरमा गई है। महापौर श्रीमती मंजूषा भगत पर विपक्षी पार्षदों के साथ व्यक्तिगत टिप्पणी करने और सदन की गरिमा के विपरीत व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए महिला कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया। गुरुवार को महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सीमा सोनी के नेतृत्व में कांग्रेस की महिला पार्षदों एवं कार्यकर्ताओं ने नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर पूरे घटनाक्रम की जांच और दोष पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की।
वायरल ऑडियो की जांच
में देरी पर उठा था सवाल

महिला कांग्रेस के अनुसार सामान्य सभा में कला केंद्र मैदान के आबंटन से जुड़े एक वायरल ऑडियो में पैसों के लेन-देन के आरोपों की जांच में कथित देरी का मुद्दा नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने उठाया था। कांग्रेस का कहना है कि महापौर की ओर से अजाक थाना में आवेदन दिए जाने के बावजूद करीब दो माह तक जांच नहीं होने पर सदन में सवाल उठाया गया। नेता प्रतिपक्ष ने पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजकर एक माह के भीतर जांच पूरी कराने का प्रस्ताव पारित किए जाने की मांग की थी।
सीसीटीवी फुटेज और वीडियो सुरक्षित रखने की मांग : महिला कांग्रेस ने निगम आयुक्त को सौंपे ज्ञापन में सामान्य सभा की सीसीटीवी फुटेज एवं वीडियो रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने की मांग की है, ताकि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच हो सके। साथ ही सदन की गरिमा भंग किए जाने की पुष्टि होने पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई। ज्ञापन में कला केंद्र मैदान से जुड़े वायरल ऑडियो में लगाए गए पैसों के लेन-देन संबंधी आरोपों की जांच में हुई कथित देरी की भी जांच कर समयबद्ध कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है।
महिला कांग्रेस ने
कहा…सवाल उठते रहेंगे

सीमा सोनी ने कहा कि कांग्रेस विपक्ष में रहते हुए जनता से जुड़े मुद्दे सदन में उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि जनहित के सवाल पूछने पर व्यक्तिगत हमले या सत्ता का अहंकार स्वीकार नहीं किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान पार्षद हसन खान, कलीम अंसारी,बाबर इदरीसी, शुभम जायसवाल,गीता प्रजापति,जेनेविवा कुजूर,निम्न राशि एक्का,मेघा खांडेकर,विनोद एक्का,संध्या रवानी,नुजहत फातिमा,गीता रजक,मल्टी सिंह,शालिनी नंद,प्रीति सिंह, उर्मिला विश्वास,सपना सिन्हा,रश्मि सोनी,चंचला शांडिल्य,हामिदा बानो सहित महिला कांग्रेस की पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
सवाल के जवाब के बजाय व्यक्तिगत टिप्पणी का आरोप
ज्ञापन में महिला कांग्रेस ने आरोप लगाया कि इस मुद्दे पर तथ्यात्मक जवाब देने के बजाय महापौर ने विपक्षी पार्षदों पर व्यक्तिगत टिप्पणियां कीं,जिससे सदन का माहौल गरमा गया। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि महापौर आसंदी के माध्यम से जवाब देने के बजाय सीधे विपक्षी सदस्यों से उलझीं और कथित तौर पर अपनी कुर्सी छोड़कर आगे बढ़ीं। इस दौरान पानी की बोतल लहराने का भी आरोप लगाया गया है। महिला कांग्रेस ने पूरे घटनाक्रम को सदन की गरिमा के विपरीत बताते हुए इसकी निष्पक्ष जांच की मांग की है।
विपक्ष का सवाल पूछना लोकतांत्रिक अधिकार
महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सीमा सोनी ने कहा कि विपक्ष द्वारा जनहित से जुड़े सवाल उठाना लोकतांत्रिक व्यवस्था का हिस्सा है। सवाल का जवाब देने के बजाय व्यक्तिगत टिप्पणी करना और सत्ता के अहंकार का प्रदर्शन करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि महिला एवं आदिवासी होने की पहचान सम्मान का विषय है, लेकिन इसे किसी भी कथित अमर्यादित आचरण के बचाव के रूप में इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। कांग्रेस महिला जनप्रतिनिधियों के सम्मान और सदन की गरिमा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ सडक पर मवेशी,खेतों में फसल की बर्बादी परेशान ग्रामीण कलेक्टोरेट ले पहुंचे गाय-बैल

Share 13 किमी दूर से मवेशियों को हांककर लाए ग्रामीण, बोले- सडक पर हादसे और …

Leave a Reply