मल्टीपरपज स्कूल से गांधी स्टेडियम तक निकली भव्य तिरंगा यात्रा,देशभक्ति के रंग में रंगा शहर,बड़ी संख्या में नागरिक हुए शामिल

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,13 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। स्वतंत्रता दिवस से पहले गुरुवार को ‘हर घर तिरंगा’अभियान के तहत अंबिकापुर में निकली भव्य तिरंगा यात्रा ने पूरे शहर को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। हाथों में तिरंगा थामे बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतरे। भारत माता की जय,वंदे मातरम् और देशभक्ति के नारों से शहर गूंजता रहा। युवाओं से लेकर जनप्रतिनिधियों,अधिकारियों,सामाजिक संगठनों और विभिन्न वर्गों के नागरिकों ने उत्साह के साथ यात्रा में हिस्सा लेकर राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया।
मल्टीपरपज स्कूल से शुरू हुई यात्रा
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ मल्टीपरपज स्कूल से हुआ। यहां से यात्रा महामाया चौक,घड़ी चौक और गांधी चौक होते हुए गांधी स्टेडियम मैदान पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति गीतों ने माहौल को उत्साह से भर दिया। जगह-जगह नागरिकों ने यात्रा का स्वागत किया। यात्रा में युवाओं की विशेष भागीदारी रही। बड़ी संख्या में युवा और विद्यार्थी तिरंगा लेकर आगे बढ़ते नजर आए। देशभक्ति गीतों और नारों के बीच लोगों में स्वतंत्रता दिवस को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया।
राष्ट्रीय एकता और भाईचारे का संदेश : गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव ने कहा कि तिरंगा यात्रा के माध्यम से देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की एकता और गौरव का प्रतीक है तथा इसके सम्मान की जिम्मेदारी प्रत्येक नागरिक की है।
स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को याद किया : कलेक्टर अजीत वसंत ने तिरंगा यात्रा में शामिल होने पहुंचे नागरिकों का स्वागत करते हुए कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों ने जिन आदर्शों और मूल्यों के लिए आजादी की लड़ाई लड़ी, वे आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के आदर्शों और आजादी के मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करते हुए राष्ट्रप्रेम, एकता और जिम्मेदार नागरिकता की भावना को मजबूत करना चाहिए।
जयकारों से गूंजता रहा शहर : यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से शहर का वातावरण देशभक्ति से ओतप्रोत रहा। लोगों ने उत्साहपूर्वक तिरंगा लहराया। देशभक्ति गीतों ने यात्रा में शामिल लोगों का उत्साह और बढ़ा दिया। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आयोजित इस यात्रा का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना रहा। यात्रा में शामिल लोगों ने देश की एकता,अखंडता और गौरव को बनाए रखने का संकल्प भी लिया।
तिरंगा यात्रा में जिला पंचायत अध्यक्ष निरुपा सिंह,नगर निगम महापौर मंजूषा भगत, निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी,भारत सिंह सिसोदिया,वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल,जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार अग्रवाल,अपर कलेक्टर सुनील नायक, एसडीएम बनसिंह नेताम सहित जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए।
तिरंगा हमारी आन,बान और शान का प्रतीक
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल भी तिरंगा यात्रा में शामिल हुए और हाथ में तिरंगा लेकर यात्रा का हिस्सा बने। उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा देश की एकता,अखंडता और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने नागरिकों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने और देश की प्रगति में अपना योगदान देने का आह्वान किया। मंत्री ने सभी नागरिकों से अपने घर,प्रतिष्ठान और कार्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अपील भी की।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur