-संवाददाता-
अम्बिकापुर,12 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। उदयपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम सितकालो में मवेशी चराने गए ग्रामीण पर भालू ने हमला कर दिया था। हमले में गंभीर रूप से घायल ग्रामीण को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे रायपुर रेफर किया,लेकिन रायपुर ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार ग्राम सितकालो निवासी चैतू राम (55) बुधवार सुबह मवेशी और बकरियां चराने घर से करीब 500 मीटर दूर जंगल गया था। बताया गया कि वह जंगल में खुखड़ी खोजने के लिए अंदर चला गया। इसी दौरान उसका सामना भालू से हो गया। भालू ने चैतू राम के सिर,कंधे और पीठ पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। भालू से बचने के लिए चैतू राम ने काफी संघर्ष किया। भालू के जंगल की ओर चले जाने के बाद वह किसी तरह घायल हालत में गांव पहुंचा। परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए रायपुर रेफर कर दिया। रायपुर ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur