असम में तैनात कमलेश केरकेट्टा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत,गृहग्राम में गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम संस्कार
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,12 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। असम में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की 66वीं बटालियन में तैनात सरगुजा के जवान कमलेश केरकेट्टा (36) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वे बतौली विकासखंड के ग्राम पंचायत कपाटबाहरी निवासी थे। जवान का शव कैंप से लापता होने के करीब दो दिन बाद बरामद किया गया। मौत के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। मामले की जांच की जा रही है। जानकारी के अनुसार,कमलेश केरकेट्टा वर्ष 2012-13 से बीएसएफ की 66वीं बटालियन में पदस्थ थे। वर्तमान में उनकी तैनाती असम के धुबरी जिले के क्रिस्तापाड़ा क्षेत्र में थी। बताया जा रहा है कि गुरुवार रात करीब 12 बजे उनके कंपनी कैंप से लापता होने की जानकारी मिली। इसके बाद अधिकारियों ने उनकी तलाश शुरू कर दी। शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे कंपनी कमांडर ने जवान की पत्नी ममता केरकेट्टा को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद जवान की तलाश जारी रही। शनिवार रात तक कैंप में वापस नहीं लौटने पर तलाश और तेज की गई। इसी दौरान रात करीब 1 बजे जवान का शव बरामद किया गया। जवान की मौत किन परिस्थितियों में हुई,यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। बीएसएफ स्तर पर घटना की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण सामने आने की उम्मीद है। मंगलवार को जवान का पार्थिव शरीर उनके गृहग्राम कपाटबाहरी पहुंचा। बीएसएफ के अधिकारियों और जवानों ने सैन्य सम्मान के साथ गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद जवान का अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम विदाई के दौरान बड़ी संख्या में परिजन, ग्रामीण और क्षेत्र के लोग मौजूद रहे। कमलेश केरकेट्टा की मौत की खबर से बतौली क्षेत्र में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने जवान को श्रद्धांजलि देते हुए परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। वहीं, संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर क्षेत्रवासियों की नजर जांच के निष्कर्ष पर है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur