-संवाददाता-
अम्बिकापुर,12 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान 3 माह की बच्ची की मां की मौत हो गई। मृतका के पति ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की जांच की मांग की है। उसका कहना है कि उसकी पत्नी को सांस लेने में परेशानी, खून में संक्रमण और हार्ट में सूजन की शिकायत थी और इलाज के दौरान उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई। परिजन के अनुसार मृतका काजल कुजूर पति अमित पन्ना निवासी आदर्शनगर थाना सीतापुर की रहने वाली थी। इसका तबीयत करीब चार-पांच दिन से खराब थी। उसके हाथ-पैर और पूरे शरीर में दर्द की शिकायत थी। 9 अगस्त को उसे जांच के लिए अंबिकापुर स्थित निजी हॉस्पिटल लाया गया। पति के अनुसार, जांच में सीआरपी बढ़ा हुआ, खून में संक्रमण और हार्ट में सूजन होने की जानकारी दी गई। डॉक्टर ने अस्पताल में भर्ती कर इलाज कराने की सलाह दी। उपचार का खर्च करीब 12 से 14 हजार रुपए बताया गया। पति का आरोप है कि 11 अगस्त को अस्पताल स्टाफ ने 7900 रुपए जमा करने को कहा। उसने दवाइयों का बिल मांगा, लेकिन बिल नहीं दिया गया। इसके बाद उसने पत्नी को दूसरे अस्पताल में ले जाने के लिए छुट्टी मांगी, लेकिन डॉक्टर के उपलब्ध नहीं होने की बात कहकर छुट्टी नहीं दी गई। रात करीब 9 बजे महिला की हालत ज्यादा बिगड़ गई। उसे सांस लेने में परेशानी होने लगी और मुंह से खून व सफेद झाग आने लगा। इसके बाद अस्पताल से छुट्टी मिलने पर परिजन उसे करीब 9.30 बजे मिशन अस्पताल लेकर पहुंचे। इमरजेंसी में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के पति ने इलाज में लापरवाही की आशंका जताते हुए मामले की जांच की मांग की है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur