संगठनात्मक गतिविधियों की दी जानकारी,बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर हुई चर्चा
-संवाददाता-
मनेंद्रगढ़ 12 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ शहर के अध्यक्ष सौरव मिश्रा ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज से मुलाकात कर संगठनात्मक गतिविधियों और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान सौरव मिश्रा ने प्रदेश अध्यक्ष से मार्गदर्शन प्राप्त करते हुए मनेंद्रगढ़ शहर में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा किए जा रहे विभिन्न संगठनात्मक कार्यक्रमों तथा जनता की समस्याओं को लेकर उठाए जा रहे मुद्दों की जानकारी दी।
मुलाकात के दौरान संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने,आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने,बूथ स्तर तक संगठन की सक्रियता बढ़ाने तथा आम जनता से जुड़े विषयों को मजबूती के साथ उठाने को लेकर चर्चा हुई, सौरव मिश्रा ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज का मार्गदर्शन कांग्रेस के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए ऊर्जा और प्रेरणा का स्रोत है,उनके नेतृत्व में जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने तथा जनता की आवाज को प्रभावी ढंग से उठाने का संकल्प और मजबूत हुआ है।
वार्ड और बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने पर जोर-सौरव मिश्रा ने कहा कि ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ शहर संगठन को सक्रिय करने के साथ-साथ जनहित के विषयों को प्राथमिकता देते हुए लगातार जनता के बीच अपनी भूमिका निभा रही है,आने वाले समय में संगठनात्मक गतिविधियों को और व्यापक रूप दिया जाएगा। प्रत्येक वार्ड और बूथ स्तर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सक्रिय एवं संगठित करने के साथ जनता से सीधा संवाद मजबूत किया जाएगा,इस अवसर पर लीगल सेल प्रदेश अध्यक्ष एवं युवा कांग्रेस नेता व्यंकटेश सिंह,ब्लॉक कांग्रेस कमेटी महामंत्री स्नेहिल शुक्ला तथा जिला कांग्रेस कमेटी प्रवक्ता एवं कार्यालय प्रभारी भावेश जैन भी उपस्थित रहे।
कार्यकर्ताओं में समन्वय को बताया जरूरी- लीगल सेल प्रदेश अध्यक्ष एवं युवा कांग्रेस नेता व्यंकटेश सिंह ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को लगातार मार्गदर्शन और नई ऊर्जा मिल रही है, संगठन को मजबूत बनाने के लिए जमीनी स्तर पर सक्रियता के साथ कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाते हुए संगठन को और प्रभावी बनाने की दिशा में काम करना होगा,ब्लॉक कांग्रेस कमेटी महामंत्री स्नेहिल शुक्ला ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व का मार्गदर्शन संगठन के लिए महत्वपूर्ण है,कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर जनता के मुद्दों पर निरंतर संघर्ष करने के साथ कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करना है,वहीं जिला कांग्रेस कमेटी प्रवक्ता एवं कार्यालय प्रभारी भावेश जैन ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज का स्पष्ट एवं ऊर्जावान नेतृत्व कार्यकर्ताओं को लगातार प्रेरित करता है,संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी बनाने और जनता की समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहे हैं,मुलाकात के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नेतृत्व का मार्गदर्शन,कार्यकर्ताओं का समर्पण और जनता का विश्वास कांग्रेस की वास्तविक ताकत है,प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन में मनेंद्रगढ़ शहर में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा जनहित के मुद्दों पर लगातार संघर्ष करने का संकल्प दोहराया गया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur