
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,12 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। नशे की बढ़ती प्रवृत्ति के खिलाफ समाज में जागरूकता और सकारात्मक बदलाव लाने के उद्देश्य से प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा चलाया जा रहा राष्ट्रव्यापी ‘10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान’सरगुजा संभाग में जनअभियान का रूप लेता दिखाई दे रहा है। संस्थान की पूर्व मुख्य प्रशासिका दादी प्रकाशमणि जी की पुण्य स्मृति में आयोजित यह अभियान 6 अगस्त से प्रारंभ हुआ है, जो 20 अगस्त तक जारी रहेगा। अभियान के शुरुआती छह दिनों में ही संभाग के विभिन्न क्षेत्रों में करीब 63 हजार लोगों ने नशे से दूर रहने की प्रतिज्ञा लेकर इस मुहिम के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई है।
स्कूल-कॉलेजों से लेकर आम नागरिकों तक पहुंचा संदेश
ब्रह्माकुमारीज द्वारा अभियान के तहत सरगुजा संभाग के विभिन्न विद्यालयों,महाविद्यालयों,शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संस्थाओं और अन्य स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं,युवाओं और आम नागरिकों ने सहभागिता की। प्रतिज्ञा कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को नशा नहीं करने के साथ ही अपने परिवार,मित्रों और आसपास के लोगों को भी नशे से दूर रखने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। विशेष रूप से युवाओं को अभियान से जोड़कर नशे के खिलाफ सकारात्मक वातावरण तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है।
नशे के शारीरिक और सामाजिक दुष्परिणाम बताए : अभियान के दौरान ब्रह्माकुमारीज के वक्ताओं ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता,बल्कि इसका असर पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। नशे की लत से व्यक्ति की शारीरिक एवं मानसिक क्षमता प्रभावित होने के साथ आर्थिक स्थिति, पारिवारिक संबंध और सामाजिक प्रतिष्ठा पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। कार्यक्रमों में युवाओं को नशे से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और अपनी ऊर्जा को शिक्षा,रोजगार,खेल,सामाजिक सेवा तथा रचनात्मक गतिविधियों में लगाने के लिए प्रेरित किया गया।
राजयोग और आध्यात्मिक सशक्तिकरण पर जोर : ब्रह्माकुमारीज द्वारा नशामुक्ति के लिए केवल जागरूकता तक सीमित न रहकर व्यक्ति के मानसिक एवं आध्यात्मिक सशक्तिकरण पर भी जोर दिया जा रहा है। कार्यक्रमों में राजयोग ध्यान के माध्यम से मन को शांत एवं सकारात्मक रखने तथा आत्मविश्वास बढ़ाने की विधियों की जानकारी दी जा रही है। संस्था का मानना है कि नशे की आदत से बाहर निकलने के लिए दृढ़ इच्छाशक्ति, सकारात्मक सोच और परिवार एवं समाज का सहयोग महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से लोगों को आध्यात्मिक मूल्यों और सकारात्मक जीवनशैली से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
छह दिनों में 63 हजार लोगों का संकल्प : संस्था की सरगुजा संभाग प्रभारी बीके विद्या बहन ने बताया कि अभियान को संभाग में लोगों का उत्साहजनक समर्थन मिल रहा है। शुरुआती छह दिनों में ही विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से लगभग 63 हजार लोगों ने नशामुक्ति की प्रतिज्ञा ली है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल प्रतिज्ञा दिलाना नहीं, बल्कि समाज में नशे के खिलाफ स्थायी जनजागरूकता पैदा करना है। उन्होंने बताया कि अभियान 20 अगस्त तक लगातार जारी रहेगा और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का प्रयास किया जाएगा, ताकि नशामुक्ति का संदेश समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
देशभर में एक करोड़ से अधिक लोगों ने ली प्रतिज्ञा : ब्रह्माकुमारीज के अनुसार, इस राष्ट्रव्यापी अभियान को देश के विभिन्न हिस्सों में व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। अभियान के तहत अब तक एक करोड़ से अधिक लोगों ने नशामुक्ति की प्रतिज्ञा ली है। संस्था का लक्ष्य 10 करोड़ लोगों को नशामुक्ति का संकल्प दिलाकर देशभर में व्यापक जनजागरण खड़ा करना है। अभियान के आयोजकों का कहना है कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल किसी एक संस्था या सरकारी प्रयास से संभव नहीं है। इसके लिए परिवार, शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों, युवाओं और आम नागरिकों की सामूहिक भागीदारी जरूरी है। इसी सोच के साथ सरगुजा संभाग में भी अभियान को जनभागीदारी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur