एक घंटे भी नहीं चली सामान्य सभा,हंगामे के बाद सत्ता पक्ष ने बहुमत से पारित किए सभी एजेंडे
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,11 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। नगर निगम की सामान्य सभा मंगलवार को सवाल-जवाब के बजाय सत्ता-विपक्ष के टकराव की भेंट चढ़ गई। राजमोहिनी देवी भवन में आयोजित बैठक में प्रश्नकाल शुरू होने से पहले ही दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। विपक्ष ने शहर की समस्याओं और महापौर से जुड़े एक वायरल ऑडियो पर जवाब की मांग की, जबकि सत्ता पक्ष ने पहले निर्धारित प्रश्नों पर चर्चा कराने की बात कही। विवाद बढऩे पर जमकर हंगामा हुआ और सभापति हरविंदर सिंह टिन्नी को बैठक स्थगित करनी पड़ी।
बाद में विपक्ष ने बैठक का बहिष्कार कर दिया। इसके बाद सत्ता पक्ष ने सभी एजेंडों को बहुमत से पारित कर दिया। बैठक की शुरुआत में मनोनीत पार्षदों का सम्मान किया गया। इसके बाद जैसे ही प्रश्नकाल शुरू करने की अनुमति दी गई, नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने निर्धारित सवालों से हटकर महापौर के वायरल ऑडियो पर जवाब मांग लिया। एमआईसी प्रमुख मनीष सिंह ने आपत्ति जताते हुए कहा कि यह प्रश्नकाल का विषय नहीं है। पहले निर्धारित सवालों पर चर्चा होनी चाहिए। विपक्ष ने आरोप लगाया कि निगम में जनप्रतिनिधियों के बजाय भाजपा जिलाध्यक्ष का प्रभाव चल रहा है। नेता प्रतिपक्ष ने सडक, पानी और निगम के खर्च को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि शहर में प्रतिदिन करीब 1.75 करोड़ लीटर पानी की जरूरत है, जबकि सप्लाई करीब 1.30 करोड़ लीटर ही हो पा रही है। सडक और ठेकेदारों के मेंटेनेंस कार्यों पर भी सवाल उठाए गए।
महापौर ने गिनाईं उपलब्धियां : विपक्ष के आरोपों पर महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि उनकी आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है। वायरल ऑडियो को उन्होंने व्यक्तिगत मामला बताते हुए कहा कि इसकी शिकायत थाने में की गई है। उन्होंने अपने 15 माह के कार्यकाल में 48 वार्डों में सडक और नाली के कार्य स्वीकृत होने का दावा किया। पानी की समस्या को स्वीकार करते हुए उन्होंने कहा कि नमनाकला कला और बस स्टैंड क्षेत्र में पानी की समस्या दूर करने के लिए पानी टंकी का निर्माण शुरू कराया गया है। करीब साढ़े 9 करोड़ रुपए की लागत से ग्रेविटी लाइन भी बिछाई जाएगी।
जवाब से संतुष्ट नहीं हुआ विपक्ष : महापौर के जवाब के बाद भी वायरल ऑडियो के मुद्दे पर विपक्ष की मांग बनी रही। विपक्षी पार्षदों ने कहा कि महापौर से सवाल पूछा गया है तो उसका जवाब देना होगा। दोनों पक्षों के बीच फिर हंगामा शुरू हो गया। स्थिति को देखते हुए सभापति ने दोपहर करीब 1.20 बजे बैठक आधे घंटे के लिए स्थगित कर दी। बैठक दोबारा शुरू होने के बाद भी विवाद नहीं थमा। विपक्ष ने वायरल ऑडियो पर जवाब की मांग दोहराते हुए सामान्य सभा का बहिष्कार कर दिया। विपक्षी पार्षदों के बाहर जाने के बाद सत्ता पक्ष ने बैठक में रखे सभी एजेंडों को बहुमत से पारित कर दिया।
एक घंटे भी नहीं चली बैठक : महापौर द्वारा दिए गए जवाबों में ऑडियो वायरल का जवब नहीं मिलने व महापौर के आक्रोश को देखकर विपक्ष ने हंगामा शुरू कर दिया। विपक्ष ने कहा कि महापौर पर सवाल खड़े हुए हैं तो उन्हें आक्रोशित होने से नहीं जवाब देना पड़ेगा। इस पर पुनः पक्ष व विपक्ष के बीच हंगामा शुरू हो गया। हंगामे देखते हुए सभापति ने आधे घंटे के लिए दोपहर करीब 1.20 बजे सामान्य सभा की बैठक स्थगित कर बाहर निकल गए। इसके बाद महापौर भी बाहर चलीं गईं। आधे घंटे बाद सामान्य सभा की कार्यवाही दोबारा शुरू हुई। विपक्ष ने फिर महापौर के वायरल ऑडियो पर जवाब देने की मांग रखी। इस मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच दोबारा हंगामा शुरू हो गया। इसके बाद विपक्षी पार्षदों ने सामान्य सभा की बैठक का बहिष्कार कर दिया। विपक्ष के बहिष्कार के बाद सत्ता पक्ष ने बैठक में रखे सभी एजेंडों पर चर्चा कर उन्हें बहुमत के आधार पर पारित कर दिया। नगर निगम के इतिहास में यह पहला मौका रहा, जब सामान्य सभा की कार्यवाही प्रश्नकाल शुरू होने से पहले ही हंगामे के कारण स्थगित करनी पड़ी।
filter: 0; jpegRotation: 0; fileterIntensity: 0.000000; filterMask: 0;
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur