हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा शहर,बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक हुए शामिल
-संवाददाता-
सूरजपुर,10 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। सावन के पावन अवसर पर भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए सोमवार को सूरजपुर से कांवरियों का विशाल जत्था जमदग्नि महर्षि की तपोभूमि देवगढ़ के लिए रवाना हुआ। कांवरियों के जत्थे के रवाना होने के दौरान पूरा वातावरण भगवान भोलेनाथ के जयघोष से गूंज उठा। हर-हर महादेव, बोल बम के जयकारों के बीच श्रद्धालु उत्साह और भक्ति के साथ देवगढ़ के लिए रवाना हुए। इस धार्मिक यात्रा में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। महिला एवं पुरुष कांवरियों ने पूरे उत्साह के साथ कांवर लेकर यात्रा शुरू की। कई श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में नजर आए। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। भगवान शिव के भजनों और जयकारों से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
कांवरियों ने पवित्र जल लेकर देवगढ़ पहुंचने और भगवान भोलेनाथ का विधिवत जलाभिषेक करने का संकल्प लिया। श्रद्धालुओं का कहना था कि सावन माह में भगवान शिव की आराधना और जलाभिषेक का विशेष महत्व है। इसी आस्था और विश्वास के साथ वे देवगढ़ पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे तथा क्षेत्र एवं परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करेंगे।
रास्ते में जगह-जगह हुआ कांवरियों का स्वागत : सूरजपुर से देवगढ़ तक कांवरियों की सुविधा के लिए रास्ते में जगह-जगह समाजसेवियों और श्रद्धालुओं द्वारा जलपान एवं सेवा की व्यवस्था की गई। कांवरियों के लिए ठंडा पानी,शरबत,चाय, फल एवं अन्य खाद्य सामग्री की व्यवस्था की गई थी। सेवा शिविरों में लोगों ने उत्साहपूर्वक कांवरियों का स्वागत किया और उनकी जरूरतों का ध्यान रखा। यात्रा के दौरान स्थानीय लोगों ने भी कांवरियों का उत्साह बढ़ाया। जगह-जगह हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारे लगाए गए। सेवा में जुटे लोगों ने कहा कि कांवरियों की सेवा करना भगवान शिव की सेवा के समान है,इसलिए वे पूरी श्रद्धा के साथ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करा रहे हैं।
भक्ति और आस्था में सराबोर हुआ माहौल
कांवर यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। डीजे एवं भक्ति गीतों के साथ कांवरियों का जत्था आगे बढ़ता रहा। युवा वर्ग के साथ महिलाएं और बुजुर्ग भी पूरे उत्साह से यात्रा में शामिल हुए। सावन के महीने में देवगढ़ में भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। कांवरियों के जत्थे के रवाना होने से सूरजपुर शहर सहित पूरे मार्ग का वातावरण शिवमय हो गया। श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के जयकारे लगाते हुए देवगढ़ की ओर बढ़े। देवगढ़ पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर श्रद्धालु अपनी धार्मिक यात्रा पूर्ण करेंगे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur