जशपुर के आरक्षक की 30 जून को हो चुकी थी मौत,आयुष्मान रिकॉर्ड में 42 दिन तक अस्पताल में भर्ती दिखाया गया,पत्नी ने लापरवाही के जिम्मेदारों पर की कार्रवाई की मांग
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,10 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में इलाज के लिए जशपुर जिले के एक आरक्षक को भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उसकी मौत 30 जून को हो चुकी थी। लेकिन आयुष्मान योजना के रिकॉर्ड में उसे 42 दिन तक अस्पताल में भर्ती दिखाया गया। 42 दिन बाद उसके मोबाइल पर आयुष्मान सारथी की ओर से मैसेज आया कि वह स्वस्थ होकर घर लौट रहा है। जबकि आरक्षक का मृत्यु प्रमाण -पत्र भी जारी हो गया है।
जानकारी के अनुसार जशपुर जिले के कांसाबेल निवासी आरक्षक देवनारायण राम को 26 जून को मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान 30 जून को उसकी मौत हो गई। अस्पताल प्रबंधन ने मृत्यु प्रमाण-पत्र भी जारी कर दिया। इसके बावजूद आयुष्मान योजना के रिकॉर्ड में उसे अस्पताल में भर्ती बताया गया। मृतक की पत्नी सीमा कुजूर,जो जिला अस्पताल जशपुर में स्टाफ नर्स है,उसने बताया कि पति की मौत के करीब 42 दिन बाद उनके मोबाइल पर आयुष्मान सारथी की ओर से संदेश आया। इसमें लिखा था-‘प्रिय देवनारायण,हमें खुशी है कि आप स्वस्थ होकर घर लौट रहे हैं।’ संदेश मिलने के बाद परिवार हैरान रह गया। सीमा कुजूर ने सवाल उठाया कि यह महज तकनीकी त्रुटि है या आयुष्मान योजना के रिकॉर्ड में कोई गंभीर गड़बड़ी हुई है,इसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति की मौत के बाद भी उसे 42 दिन तक अस्पताल में भर्ती और जीवित दिखाना गंभीर मामला है। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जांच का विषय है मामला
मृतक की पत्नी का कहना है कि इस तरह का संदेश परिवार के लिए बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने कहा कि गरीब और आम लोगों का स्वास्थ्य व्यवस्था पर भरोसा बना रहे,इसके लिए जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई जरूरी है। यह ऑटो जेनेरेटेड मैसेज है। हमारे यहां से नहीं गया है। 30 जून को ही मरीज का आयुष्मान कार्ड ब्लॉक कर दिया गया था। मरीज आईसीयू में भर्ती था, 5 दिन का ही बिल उसके कार्ड से कटा है। इस तरह के मैसेज मिलना किसी भी परिवार के लिए भी ठीक नहीं है। मैं रायपुर स्थित संबंधित विभाग को लेटर लिखूंगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur